ब्रेकिंग न्यूज़
दुगरी में बेखौफ लुटेरे: डिलीवरी बॉय से लूट नाकाम, कबाड़ी से 7 हजार लूटे

लुधियाना / सत्ता संदेश

संवाददाता : यादविंदर सिंह

लुधियाना के दुगरी इलाके में बाइक सवार तीन बेखौफ लुटेरों ने एक के बाद एक दो वारदातों को अंजाम दिया। पहली घटना में बदमाशों ने एक डिलीवरी बॉय को निशाना बनाया लेकिन, उसके कड़े विरोध के चलते वे लूट में नाकाम रहे। इसके तुरंत बाद उन्हीं बदमाशों ने एक कबाड़ी को घेर लिया और हथियारों के बल पर उससे 7 हजार रुपए लूट लिए। इन दोनों घटनाओं की लाइव सीसीटीवी फुटेज सामने आई है, जिसने इलाके की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पहली घटना दुगरी फेस 2 बाल भारती स्कूल के पास में बाइक सवार तीन लुटेरों ने एक डिलीवरी बॉय को अपना शिकार बनाने की कोशिश की। वारदात के वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि लुटेरे डिलीवरी बॉय को रोकते हैं और उससे मारपीट कर लूटपाट की कोशिश करते हैं। बदमाशों ने डिलीवरी बॉय का बैग भी साथ ले जाने का प्रयास किया। हालांकि डिलीवरी बॉय ने बिना डरे उनका डटकर सामना किया। यह देख इनोवा सवार दूर से हॉर्न बजाते हुए वहां पहुंचा, उसे देख जब डिलीवरी बॉय ने अपना बचाव करते हुए जोर-जोर से शोर मचाना शुरू किया तो लुटेरे घबरा गए। पकड़े जाने के डर से वे अपनी बाइक पर वहां से भाग निकले।
डिलीवरी बॉय से लूट में नाकाम रहने के बाद भी इन बदमाशों का खौफ कम नहीं हुआ। उन्होंने उसी इलाके के अर्बन विहार की एक गली से गुजर रहे कबाड़ी को अपना दूसरा निशाना बनाया। दूसरे सीसीटीवी वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि लुटेरे पहले कबाड़ी को चारों तरफ से घेरते हैं। इसके बाद वे कबाड़ी पर हथियार से हमला करते हैं। डरा-धमका कर बदमाश उसकी जेब से करीब 7000 रुपए का कैश निकालते हैं और आसानी से बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो जाते हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

TDB-DST का बड़ा कदम: स्वदेशी टाइप -IV CNG सिलेंडरों के व्यावसायीकरण को समर्थन

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत स्वच्छ ऊर्जा परिवहन को बढ़ावा देने, कार्बन उत्सर्जन को कम करने और स्वदेशी विनिर्माण को मजबूत करने के दृष्टिकोण के अनुरूप, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड (टीडीबी) ने “टाइप-IV सीएनजी सिलेंडर के व्यावसायीकरण के लिए विनिर्माण सुविधा की स्थापना” नामक परियोजना के लिए दिल्ली स्थित मेसर्स एनटीएफ एनर्जी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया है।

इस परियोजना का उद्देश्य अत्याधुनिक फिलामेंट वाइंडिंग, ब्लो मोल्डिंग और उच्च दबाव परीक्षण तकनीकों का उपयोग करते हुए स्वदेशी रूप से विकसित टाइप-IV कंपोजिट सीएनजी सिलेंडरों के उत्पादन और व्यावसायीकरण के लिए एक उन्नत विनिर्माण सुविधा स्थापित करना है। इस पहल से स्वच्छ परिवहन और उभरते ऊर्जा अनुप्रयोगों के लिए उन्नत गैस भंडारण प्रणालियों में भारत की घरेलू क्षमताओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

टाइप-IV कंपोजिट सिलेंडर पारंपरिक स्टील सिलेंडरों का अगली पीढ़ी का विकल्प हैं और इनसे वजन में 75 प्रतिशत तक की कमी आती है जिससे वाहन की दक्षता बढ़ती है और कार्बन उत्सर्जन में उल्लेखनीय कमी आती है। इन सिलेंडरों को जंग-रोधी पॉलीमर लाइनर, अनुकूलित सीएफआरपी लेआउट और उन्नत मैकेनिकल लॉकिंग सिस्टम के साथ डिजाइन किया गया है ताकि बेहतर सुरक्षा व टिकाऊपन सुनिश्चित हो और रिसाव, कंपन न हो। इसका डिज़ाइन 600 बार से अधिक का विस्फोट दबाव प्राप्त करता है, जो निर्धारित नियामक आवश्यकताओं से काफी अधिक है, जिससे मजबूत परिचालन सुरक्षा सुनिश्चित होती है।

यह तकनीक एनटीएफ एनर्जी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्वदेशी रूप से विकसित की गई है और इसे भारत के तेजी से बढ़ते सीएनजी मोबिलिटी इकोसिस्टम को सहयोग देने के लिए डिजाइन किया गया है। यह परियोजना सरकार के सतत परिवहन, स्वच्छ ईंधन और उन्नत मोबिलिटी घटकों के घरेलू विनिर्माण की दिशा में किए जा रहे व्यापक प्रयासों के अनुरूप भी है।

प्रस्तावित संयंत्र स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कच्चे माल और उन्नत विनिर्माण प्रक्रियाओं का उपयोग करके उच्च दबाव वाले मिश्रित सिलेंडरों के लिए लागत-प्रतिस्पर्धी और भविष्य के लिए तैयार उत्पादन प्रणाली का निर्माण करेगा। इस परियोजना से आयातित वस्तुओं के घरेलू उत्पादन, प्रौद्योगिकी आत्मनिर्भरता और देश में एक सुदृढ़ स्वच्छ ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला के विकास में महत्वपूर्ण योगदान मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर टीडीबी के सचिव श्री राजेश कुमार पाठक ने कहा कि उन्नत टाइप-IV कंपोजिट सिलेंडरों का विकास और व्यावसायीकरण भारत के स्वच्छ परिवहन अवसंरचना और स्वदेशी विनिर्माण परितंत्र को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण है। एनटीएफ एनर्जी सॉल्यूशंस को टीडीबी का समर्थन सतत परिवहन, ऊर्जा सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत में योगदान देने वाली अगली पीढ़ी की प्रौद्योगिकियों को सक्षम बनाने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

एनटीएफ एनर्जी सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री नवीन जैन और निदेशक श्री नमन जैन ने टीडीबी के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सहायता स्वदेशी हल्के कंपोजिट सिलेंडर प्रौद्योगिकियों के व्यावसायीकरण में तेजी लाने में मदद करेगी, जिससे कंपनी भारत को स्वच्छ और अधिक कुशल गतिशीलता समाधानों की ओर ले जाने में योगदान दे सकेगी।

छेहरटा बाजार में लावारिस गाड़ी मिलने से फैली दहशत, स्थानीय लोगों में डर का माहौल

अमृतसर / सत्ता संदेश

छेहरटा बाजार में लावारिस गाड़ी मिलने से फैली दहशत काले शीशों वाली गाड़ी में ड्रम और तार मिलने से लोगों में डर का माहौल पुलिस को सूचना देने के बावजूद देर से कार्रवाई पर उठे सवाल

आज थाना छेहरटा के अधीन आने वाले छेहरटा बाजार में उस समय हड़कंप मच गया जब एक लावारिस हालत में खड़ी गाड़ी मिली। गाड़ी के सभी शीशे काले होने और अंदर ड्रम तथा तार पड़े होने के कारण इलाके के दुकानदारों और राहगीरों में डर का माहौल बन गया। लोगों को शक था कि गाड़ी में कोई खतरनाक सामग्री हो सकती है, जिसके चलते तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में कमांडो फोर्स द्वारा गश्त की जा रही थी। इसी दौरान यह गाड़ी संदिग्ध हालत में मिली, जिसके अंदर पड़े ड्रम शराब के हो सकते हैं, लेकिन तारों की मौजूदगी के कारण पूरी जांच करना जरूरी है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, गाड़ी छोड़कर जाने वाला व्यक्ति संभवतः पुलिस को देखकर फरार हो गया।

इसके बावजूद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि पुलिस को सूचना देने के बाद भी काफी समय तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। दुकानदारों ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे से यह गाड़ी वहां खड़ी है और कमांडो गश्त के दौरान भी पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी, लेकिन शाम तक भी गाड़ी को नहीं हटाया गया।

एक दुकानदार ने बताया कि उसकी मीट की दुकान के सामने यह गाड़ी खड़ी है और अंदर मौजूद सामान देखकर लोग डरे हुए हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में खासा इलाके में आर्मी कैंप के बाहर धमाका हुआ था, जिसके बाद इस तरह की लावारिस गाड़ी मिलना चिंता का विषय है। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।

पुलिस की ओर से भरोसा दिलाया गया है कि गाड़ी की पूरी तरह जांच की जा रही है और जो भी कानूनी कार्रवाई बनती है, वह की जाएगी। इसके साथ ही इलाके में सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि गाड़ी के मालिक का पता लगाया जा सके।

फिलहाल, इस घटना ने सुरक्षा प्रबंधों पर सवाल खड़े कर दिए हैं और लोग प्रशासन से तुरंत तथा सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि किसी भी संभावित हादसे से बचा जा सके।

विधायक धालीवाल ने हलके में युद्ध स्तर पर चल रहे चहुंमुखी विकास कार्यों का लिया जायजा

अजनाला/सत्ता संदेश

संवाददाता-विक्रमजीत सिंह / कैमरामैन- तरजिंदर सिंह

आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने हलका अजनाला के ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से युद्ध स्तर पर चल रहे चहुंमुखी विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के “रंगला पंजाब” अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक रमदास, ब्लॉक अजनाला और ब्लॉक हरशा छीना के अधिकारियों, पंचायत अफसरों, एसडीओ, पंचायत सचिवों और सरपंचों की बुलाई गई प्रभावशाली बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री पंजाब सरदार कुलदीप सिंह धालीवाल ने हलका अजनाला के ग्रामीण क्षेत्रों में करोड़ों रुपये की लागत से युद्ध स्तर पर चल रहे चहुंमुखी विकास कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखते हुए उन्हें निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री पंजाब सरदार भगवंत सिंह मान के “रंगला पंजाब” अभियान को सफल बनाने के लिए ब्लॉक रमदास, ब्लॉक अजनाला और ब्लॉक हरशा छीना के अधिकारियों, पंचायत अफसरों, एसडीओ, पंचायत सचिवों और सरपंचों की बुलाई गई प्रभावशाली बैठक को संबोधित करते हुए स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सरदार धालीवाल ने सीमावर्ती गांव बिकराउर में 15 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे बाबा गम चुक साहिब सरकारी डिग्री एवं कौशल प्रशिक्षण कॉलेज के निर्माण कार्यों का भी व्यक्तिगत रूप से निरीक्षण किया तथा निर्माण कार्य पूरा करवा रहे इंजीनियरों और ठेकेदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसके बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए पार्टी के मुख्य प्रवक्ता, विधायक एवं पूर्व मंत्री सरदार धालीवाल ने बीती रात अमृतसर और जालंधर में हुए बम धमाकों की कड़ी शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि पड़ोसी देश पाकिस्तान की बदनाम खुफिया एजेंसी द्वारा एक सोची-समझी साजिश के तहत पंजाब की अमन-शांति को भंग करने की कोशिशों को विफल बनाने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार प्रतिबद्ध है और पंजाब में किसी भी शरारती एवं समाज विरोधी तत्व को सिर उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पहले भी हुए एक-दो बम धमाकों की घटनाओं की तरह इन घटनाओं का भी पर्दाफाश कर दोषियों के चेहरे बेनकाब किए जाएंगे।

सरदार धालीवाल ने केंद्र की भाजपा सरकार को अंतरराष्ट्रीय और संवेदनशील पंजाब सीमा के करीब 545 किलोमीटर लंबे भारत-पाकिस्तान बॉर्डर को पूरी तरह सील न किए जाने को लेकर कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने सवाल किया कि जब अंतरराष्ट्रीय सीमा से 50-50 किलोमीटर का क्षेत्र सीधे तौर पर केंद्र सरकार ने अपने अधिकार क्षेत्र में लेकर बीएसएफ को नशों, हथियारों की तस्करी, घुसपैठ और ड्रोन गतिविधियों पर रोक लगाने के अधिकार दिए हुए हैं, तो फिर ऐसी देश विरोधी गतिविधियों को रोकने और सीमा को पूरी तरह सील करने में अब तक कथित लापरवाही क्यों बरती जा रही है। उन्होंने केंद्रीय सत्ताधारी भाजपा पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि पंजाब से चुने गए आम आदमी पार्टी के 6 राज्यसभा सदस्यों को भाजपा में शामिल कर पंजाब के हितों और अधिकारों के साथ कथित तौर पर विश्वासघात किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सांसदों को “गद्दारी भत्ता” देकर सम्मानित किया गया है।

उन्होंने कहा कि अमन-कानून, शांति और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक बन चुके संवेदनशील राज्य पंजाब में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने की कथित कोशिश के लिए पंजाब के शांतिप्रिय नागरिक कभी भी केंद्र की मोदी सरकार और भाजपा को माफ नहीं करेंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों में भाजपा को पंजाब के हितों के साथ कथित धोखा करने का जवाब मिलेगा और “रंगला पंजाब” की निरंतरता के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को दोबारा सत्ता में लाने हेतु मतदाता अभी से तैयार हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब के स्वाभिमानी मतदाता भाजपा को पश्चिम बंगाल जैसी राजनीतिक स्थिति पैदा करने की अनुमति नहीं देंगे।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष होने पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने सशस्त्र बलों के अद्वितीय शौर्य को नमन किया

दिल्ली /सत्ता संदेश

‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत का एक ऐतिहासिक ऑपरेशन है, जो हमारे दुश्मनों को हमेशा हमारे सशस्त्र बलों की अचूक मारक क्षमता की याद दिलाता रहेगा

सशस्त्र बलों की सटीक मारक क्षमता, एजेंसियों की खुफिया जानकारी और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति सीमा पार मौजूद आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने के लिए एकसाथ उठ खड़े हुए

यह दिन हमारे दुश्मनों को यह याद दिलाता रहेगा कि वे कहीं भी छिप जाएं, बच नहीं सकते

वे हर पल हमारी नज़रों में और हमारी मारक क्षमता के प्रचंड कोप की जद में हैं

‘ऑपरेशन सिंदूर’ के एक वर्ष पूरे होने पर केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने सशस्त्र बलों के अद्वितीय शौर्य को नमन किया और कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ भारत का एक ऐतिहासिक मिशन है, जो हमारे दुश्मनों को हमेशा हमारे सशस्त्र बलों की अचूक प्रहार क्षमता की याद दिलाता रहेगा।

ऑपरेशन सिंदूर भारत का एक युगांतरकारी मिशन है, जो हमारे दुश्मनों को हमारी सशस्त्र सेनाओं की अचूक प्रहार क्षमता की याद हमेशा दिलाता रहेगा। इतिहास इसे एक ऐसे दिन के तौर पर याद रखेगा जब हमारे सशस्त्र बलों की सटीक मारक क्षमता, हमारी एजेंसियों की पैनी खुफिया जानकारी और दृढ़ राजनीतिक इच्छाशक्ति—ये तीनों एक होकर सीमा पार मौजूद आतंकवाद के हर उस ठिकाने को नेस्तनाबूद करने के लिए उठ खड़े हुए, जिसने पहलगाम में हमारे नागरिकों पर अपना बुरा साया डालने की हिमाकत की थी। यह दिन हमारे दुश्मनों के लिए यह खौफनाक संदेश लेकर आता रहेगा कि वे कहीं भी छिप जाएं, वे बच नहीं सकते। वे हर पल हमारी नज़रों में और हमारी मारक क्षमता के प्रचंड कोप की जद में हैं। इस अवसर पर, मैं हमारी सेनाओं के अद्वितीय शौर्य को नमन करता हूँ।”

नए आधार ऐप को जनता का भरपूर समर्थन, तीन महीनों में 2.1 करोड़ डाउनलोड

नए आधार ऐप का उपयोग करके 28 लाख से अधिक लोगों ने अपना मोबाइल नंबर अपडेट किया आधार ऐप कागज रहित पहचान साझाकरण, सहमति नियंत्रण और लोगों के हाथों में चयनात्मक साझाकरण को बढ़व देता है।

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

नया आधार ऐप जनता के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। मात्र तीन महीनों के भीतर इसके 2.1 करोड़ से अधिक डाउनलोड हो चुके हैं, जिससे सेवाएं लोगों की उंगलियों पर आ गई हैं और जीवन आसान हो गया है। यह देखा गया है कि लोग आधार ऐप का उपयोग विभिन्न सेवाओं का लाभ उठाने के लिए कर रहे हैं, जिसमें मोबाइल नंबर और पते को कभी भी, कहीं भी आसानी से अपडेट करना शामिल है।

अब तक 28 लाख से अधिक लोग नए आधार ऐप का उपयोग करके अपना मोबाइल नंबर अपडेट कर चुके हैं। इसी तरह, लगभग 6 लाख लोगों ने अपने पते को अपडेट करने के लिए इस ऐप का इस्‍तेमाल किया है। आधार ऐप एक अगली पीढ़ी का मोबाइल एप्लिकेशन है, जिसे आधार धारकों को अपनी पहचान को साथ रखने, दिखाने, साझा करने और सत्यापित करने के लिए एक सुरक्षित, सुविधाजनक और गोपनीयता-प्रथम तरीका प्रदान करने हेतु डिज़ाइन किया गया है।

बढ़ता सार्वजनिक उपयोग न केवल निवासियों के विश्‍वास को दर्शाता है, बल्कि आधार सेवाओं को अधिक सुलभ और उपयोगकर्ता के अनुकूल बनाने में नए ऐप की भूमिका को भी प्रदर्शित करता है, जिससे आधार धारकों के लिए सुगम जीवन सुनिश्चित होता है। इस ऐप में उपस्थिति के प्रमाण के लिए चेहरे का सत्यापन, एक क्लिक में बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, प्रमाणीकरण इतिहास और भौतिक विज़िटिंग कार्ड के बजाय संपर्क विवरण आसानी से साझा करने के लिए क्यूआर-आधारित संपादन योग्य संपर्क कार्ड जैसी उन्नत सुविधाएं हैं। उपयोग में आसानी के लिए डिज़ाइन किया गया आधार ऐप वास्तविक जीवन के कई उपयोगों का समर्थन करता है।

इनमें ऑफलाइन वेरिफिकेशन सीकिंग एंटिटी (ओवीएसई) के क्यूआर कोड स्कैनिंग के माध्यम से होटल चेक-इन शामिल है। यह आयु सत्‍यापन, अस्पताल में भर्ती, आगंतुक प्रबंधन, कार्यक्रमों में प्रवेश, गिग वर्कर्स और सर्विस पार्टनर्स के पहचान सत्यापन जैसे कई कार्यों को सुविधाजनक बनाता है।

नया आधार ऐप एंड्रॉयड और ऐप्पल आईओएस दोनों प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध है। लोग इसे यहां से डाउनलोड कर सकते हैं:

एंड्रॉइड: https://play.google.com/store/apps/details?id=in.gov.uidai.pehchaan&hl=en_IN

आईओएस – https://apps.apple.com/in/app/aadhaar/id6744029871

CCA पंजाब टेलीकॉम ने जालंधर में टलीकॉम आउटरीच कार्यक्रम का किया आयोजन

जालंधर / सत्ता संदेश

संचार मंत्रालय, दूरसंचार विभाग के अंतर्गत कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा (CCA), पंजाब टेलीकॉम सर्किल द्वारा बुधवार को WMS, जालंधर में टेलीकॉम आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में शिवम कटियार, उप निदेशक, डब्ल्यूएमएस जालंधर ने सहभागिता की। ज्योति गोयल, सहायक नियंत्रक संचार लेखा, पंजाब, भारत कटारिया, सहायक लेखा अधिकारी तथा राजस्व अनुभाग के अन्य अधिकारी/कर्मचारी भी उपस्थित रहे। विभिन्न टेलीकॉम सेवा प्रदाताओं (TSPs) एवं इंटरनेट सेवा प्रदाताओं (ISPs) के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान राजस्व, लाइसेंस शुल्क ( एवं SARAS का अवलोकन, लाइसेंस अनुबंध की वित्तीय शर्तें तथा SARAS प्लेटफॉर्म एवं शिकायत निवारण तंत्र पर विस्तृत प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण टेलीकॉम लाइसेंसधारियों के साथ एक-से-एक संवाद सत्र रहा, जिसमें लाइसेंस शुल्क आकलन से संबंधित बकाया मामलों पर चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।

ज्योति गोयल, सहायक नियंत्रक संचार लेखा, पंजाब ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य TSPs एवं ISPs को लाइसेंस एवं वित्तीय शर्तों, भूमिकाओं एवं दायित्वों के प्रति जागरूक करना तथा नए एवं मौजूदा लाइसेंसधारियों को स्पष्टता प्रदान करना है। उन्होंने SARAS ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से लाइसेंस शुल्क भुगतान, दस्तावेज अपलोड, बैंक गारंटी मॉड्यूल तथा शिकायत निवारण प्रणाली की जानकारी भी साझा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि सीसीए, पंजाब का कार्यालय सभी TSPs एवं ISPs, विशेषकर नए उद्यमियों को सहयोग प्रदान करने तथा पारदर्शी एवं कुशल दूरसंचार पारितंत्र सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम को प्रतिभागियों द्वारा सराहा गया तथा उन्होंने उपयोगी जानकारी एवं मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। प्रतिभागियों ने विजेन्द्र एन. टंडन, सीसीए पंजाब के नेतृत्व की भी सराहना की।

पंजाब-चंडीगढ़ में आज आंधी-बारिश का अलर्ट; बिजली बचाने के लिए AC 24-25 डिग्री पर चलाने का निर्देश

पंजाब डेस्क । पंजाब और चंडीगढ़ के मौसम में एक बार फिर बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ ने आज यानी 7 मई को चंडीगढ़ समेत पंजाब के तीन जिलों— पठानकोट, होशियारपुर और रूपनगर में गरज-चमक के साथ आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 30 से 40 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना जताई गई है।

बिजली बचाने के लिए प्रशासन की नई पहल : भीषण गर्मी की आहट के बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने बिजली की खपत को नियंत्रित करने के लिए एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है। सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों और व्यावसायिक भवनों को निर्देश दिया गया है कि वे एसी (AC) का तापमान 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच ही रखें।

तापमान का हाल: वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से तापमान सामान्य से करीब 6 डिग्री नीचे बना हुआ है। पंजाब में सबसे अधिक तापमान रोपड़ में 34.1 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अन्य प्रमुख शहरों जैसे पटियाला में 36.4 डिग्री और बठिंडा में 35.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है।

आने वाले दिनों का पूर्वानुमान:8 और 9 मई: इन दो दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

10 मई से नया बदलाव: 10 मई से एक नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) सक्रिय होगा, जिससे पंजाब के 10 जिलों (पठानकोट, गुरदासपुर, मोहाली आदि) में फिर से बारिश और आंधी की स्थिति बन सकती है।

तापमान में बढ़ोतरी: अगले 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री की वृद्धि होने का अनुमान है, जिससे गर्मी का प्रकोप बढ़ेगा।

ज्वेलरी बिल का ‘हिडन’ गणित: क्या आप भी दे रहे हैं सोने पर 2 बार टैक्स? खरीदारी से पहले जान लें ये नियम

बिजनेस डेस्क । शादी-ब्याह और त्योहारों के सीजन में सोने की खरीदारी करने वाले ग्राहकों को अक्सर ज्वेलरी बिल देखकर झटका लगता है। सोने की बढ़ती कीमतों के बीच बिल में दो तरह के GST जुड़ने से लोग अक्सर भ्रमित हो जाते हैं कि उन पर डबल टैक्स क्यों लगाया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह कोई “डबल टैक्स” नहीं बल्कि सरकार के अलग-अलग टैक्स नियम हैं, जिन्हें समझना हर ग्राहक के लिए जरूरी है।

सोने और मेकिंग चार्ज पर अलग-अलग टैक्स : बिल के गणित को समझें तो, जब भी आप सोना खरीदते हैं तो उसकी वास्तविक मार्केट वैल्यू पर 3% GST लगाया जाता है। यह टैक्स सोने की धातु की कीमत पर होता है। इसके अलावा, ज्वेलरी बनाने में लगने वाली मेहनत यानी मेकिंग चार्ज को सरकार एक सेवा (Service) मानती है, जिस पर अलग से 5% GST वसूला जाता है। यही कारण है कि ग्राहकों को बिल में दो अलग-अलग टैक्स दिखाई देते हैं।

क्या यह सच में डबल टैक्स है? तकनीकी रूप से देखा जाए तो ग्राहक एक ही चीज पर दो बार टैक्स नहीं दे रहा होता। पहला टैक्स सोने की धातु पर है और दूसरा ज्वेलरी बनाने की सेवा पर। हालांकि, दोनों के एक साथ जुड़ने से बिल की कुल रकम काफी बढ़ जाती है।

पुराना सोना बदलने पर मिलता है फायदा: अगर आप अपने पुराने गहनों को बदलकर नई ज्वेलरी बनवाते हैं, तो आपको केवल मेकिंग चार्ज और उस पर लगने वाले 5% GST का भुगतान करना होगा। लेकिन, यदि आप पुराना सोना बेचकर पैसे लेते हैं और फिर नया गहना खरीदते हैं, तो आपको पूरी कीमत पर दोबारा 3% GST देना पड़ेगा।

खरीदारी करते समय इन बातों का रखें ध्यान:हमेशा डिटेल्ड बिल लें, जिसमें गोल्ड वैल्यू, मेकिंग चार्ज और GST अलग-अलग दर्शाया गया हो। सोने की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए BIS हॉलमार्क जरूर देखें। टैक्स का बोझ कम करने के लिए गोल्ड एक्सचेंज के विकल्प पर विचार करें।

BCCI का बड़ा ऐलान: पहली बार जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज खेलेगी टीम इंडिया, रायपुर और बड़ौदा करेंगे मेजबानी

स्पोर्टस डेस्क : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आगामी घरेलू सीजन के लिए एक ऐतिहासिक कार्यक्रम की घोषणा की है, जिसमें पहली बार भारतीय सीनियर महिला टीम और जिम्बाब्वे महिला टीम के बीच द्विपक्षीय सीरीज का आयोजन किया जाएगा। यह सीरीज भारतीय महिला क्रिकेट के लिए एक नई और रोमांचक शुरुआत मानी जा रही है।

छह व्हाइट-बॉल मैचों का शेड्यूल : शेड्यूल के अनुसार, जिम्बाब्वे की महिला टीम अक्टूबर 2026 में भारत का दौरा करेगी। इस दौरान दोनों देशों के बीच कुल 6 व्हाइट-बॉल मुकाबले खेले जाएंगे। इसमें तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच रायपुर में खेले जाएंगे, जबकि तीन वनडे (ODI) मैचों की मेजबानी बड़ौदा करेगा। यह सीरीज 16 अक्टूबर से शुरू होकर 28 अक्टूबर 2026 तक चलेगी।

इंडिया-A और U19 टीमों का भी कार्यक्रम: BCCI ने केवल सीनियर टीम ही नहीं, बल्कि इंडिया-A और अंडर-19 टीमों के लिए भी एक पैक शेड्यूल जारी किया है।

इंडिया-A (पुरुष): सितंबर से अक्टूबर 2026 के बीच पुडुचेरी में ऑस्ट्रेलिया-A के खिलाफ दो चार दिवसीय और तीन वनडे मैच खेलेगी।

इंडिया-A (महिला): ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड की ‘A’ टीमों के खिलाफ मल्टी-फॉर्मेट सीरीज में हिस्सा लेगी, जिसमें टी20, वनडे और मल्टी-डे मैच शामिल हैं।

U19 टीमें: भारतीय अंडर-19 पुरुष टीम ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी, जबकि अंडर-19 महिला टीम श्रीलंका और इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज खेलेगी।

BCCI का यह व्यापक शेड्यूल भारतीय क्रिकेट के भविष्य को मजबूत करने और खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अधिक अवसर प्रदान करने की दिशा में एक बड़ा कदम है।