ब्रेकिंग न्यूज़
समराला बाईपास पर धू-धू कर जली फूड वैन, गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका

समराला बाईपास के हरियो रोड के पास फूड वैन में अचानक आग लग गई। गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, फायर ब्रिगेड ने दूसरे सिलेंडर को सुरक्षित निकालकर बड़ा हादसा टाला।

रिपोर्ट: परमिंदर वर्मा

समराला / सत्ता संदेश

समराला बाईपास पर हरियो रोड के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक फूड वैन में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान वैन में रखा गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

फूड वैन में आग लगने के कारण लुधियाना-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर भी यातायात प्रभावित हुआ और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

फायर ब्रिगेड के ड्राइवर सोहन सिंह और फायरमैन नरेश कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलने के करीब 15 से 20 मिनट के भीतर टीम मौके पर पहुंच गई थी। उस समय तक वैन में मौजूद एक गैस सिलेंडर फट चुका था और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों के मुताबिक, वैन में एक युवक मौजूद था, जिसे समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। वहीं, वैन में मौजूद दूसरे गैस सिलेंडर को भी कर्मचारियों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इससे एक बड़े हादसे की आशंका टल गई।

जांच के दौरान सामने आया कि फूड वैन को अंदर से प्लास्टिक, फोम और अन्य ज्वलनशील सामग्री के साथ-साथ तेल आदि से मॉडिफाई किया गया था। ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने बेहद तेजी से पूरी वैन को अपनी चपेट में ले लिया।

हालांकि, फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ के चलते आग पर जल्द काबू पा लिया गया। घटना में किसी तरह के जानी नुकसान की सूचना नहीं है।

फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने फूड वैन और रेहड़ी संचालकों से अपील की कि वे सुरक्षा नियमों का विशेष ध्यान रखें और अपनी वैन में अनिवार्य रूप से फायर एक्सटिंग्विशर रखें। इसके साथ ही प्रशासन से भी अपील की गई कि फूड वैन को हाईवे और मुख्य सड़कों के किनारे खड़ा करने के बजाय सुरक्षित स्थानों पर लगाने की व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *