ब्रेकिंग न्यूज़
जीरकपुर-चंडीगढ़ रोड के होटलों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष, जांच और कार्रवाई की मांग

जीरकपुर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : दीपक कुमार

जीरकपुर-चंडीगढ़ मुख्य मार्ग पर स्थित कुछ होटलों और ढाबों के आसपास कथित तौर पर चल रही अनैतिक एवं गैर-कानूनी गतिविधियों को लेकर स्थानीय लोगों में रोष है। चंडीगढ़ होम्स सहित आसपास की रिहायशी सोसाइटियों के कई निवासियों ने पुलिस और प्रशासन से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय निवासी रीटा सागर, सोनी गोस्वामी, रूही समेत अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ होटल प्रबंधकों की ओर से सड़क किनारे महिलाओं और लड़कियों को बैठाया जाता है, जो वहां से गुजरने वाले लोगों को कथित तौर पर होटलों में बुलाती हैं। निवासियों का कहना है कि शाम और रात के समय ऐसी गतिविधियों के कारण आसपास के रिहायशी इलाके का माहौल प्रभावित हो रहा है और परिवारों तथा बच्चों के साथ बाहर निकलना असहज महसूस होता है।

निवासियों के मुताबिक, पुलिस की चेकिंग बढ़ने के बाद कुछ होटल संचालकों की ओर से ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए सड़क किनारे इस तरह का तरीका अपनाए जाने का आरोप है। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि जब उन्होंने इसका विरोध किया तो होटल संचालकों से जुड़े लोगों ने उन्हें धमकाने की कोशिश की।

स्थानीय लोगों ने पुलिस और उच्च प्रशासन से जीरकपुर-चंडीगढ़ रोड पर स्थित होटलों और ढाबों की जांच करवाने, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने तथा शिकायतों की निष्पक्ष जांच करने की मांग की है।

वहीं, थाना जीरकपुर के एसएचओ इंस्पेक्टर जसवीर सिंह तूर ने बताया कि पुलिस को शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *