कपूरथला मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन गुरपाल इंडियन ने संभाला पदभार
कपूरथला / सत्ता संदेश
मार्केट कमेटी कपूरथला के नवनियुक्त चेयरमैन गुरपाल इंडियन ने आज अपना पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर आयोजित रस्मी कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के अलावा आढ़ती, मजदूर तथा किसान यूनियनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उपस्थित लोगों ने गुरपाल इंडियन को नई जिम्मेदारी मिलने पर शुभकामनाएं दीं।
धान खरीद प्रक्रिया को सुचारू बनाना प्राथमिकता
पदभार संभालने के बाद गुरपाल इंडियन ने कहा कि आने वाले दिनों में धान की खरीद प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। ऐसे में उनकी प्राथमिकता खरीद प्रक्रिया को सुचारू ढंग से चलाना होगी। उन्होंने कहा कि कोशिश रहेगी कि खरीद के दौरान किसानों, आढ़तियों और मजदूरों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
किसानों को निर्धारित सरकारी रेट दिलाने की बात
गुरपाल इंडियन ने कहा कि इस बार धान की खरीद प्रक्रिया को लेकर भले ही कई सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन पंजाब सरकार और मार्केट कमेटी की ओर से खरीद संबंधी प्रबंधों पर पूरी नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को धान की सरकारी खरीद का निर्धारित पूरा रेट दिलाने के प्रयास किए जाएंगे और मनमाने कट लगाने की इजाजत नहीं होगी।
भगवंत मान का जताया आभार
नवनियुक्त चेयरमैन ने मुख्यमंत्री भगवंत मान का आभार जताते हुए कहा कि इससे पहले उन्हें नगर सुधार ट्रस्ट कपूरथला का चेयरमैन बनाया गया था और अब मार्केट कमेटी कपूरथला की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से दी गई जिम्मेदारी को वह पूरी मेहनत और ईमानदारी से निभाने का प्रयास करेंगे।

