संगरूर में CM मान की कोठी के बाहर अकाली दल का प्रदर्शन, काले कपड़े और झंडे लेकर पहुंचे कार्यकर्ता
संगरूर / सत्ता संदेश
शिरोमणि अकाली दल की ओर से पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की संगरूर स्थित कोठी के बाहर काले कपड़े और काले झंडे लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। अकाली नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मौके पर टेंट लगाकर धरना भी दिया। प्रदर्शन नशे के मुद्दे और मोहंजीत सिंह से जुड़ी पुलिस कार्रवाई के आरोपों को लेकर किया गया।
अकाली नेताओं ने आरोप लगाया कि मोहंजीत सिंह ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान दूर एक मकान की छत से काला झंडा दिखाया था। इसके बाद पुलिस ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट और हिरासत में प्रताड़ना की। मोहंजीत सिंह ने पुलिस हिरासत के दौरान बिजली के झटके देने और मारपीट के आरोप लगाए थे। हालांकि, पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया है।
पुलिस के अनुसार, मोहंजीत सिंह को एहतियातन हिरासत में लिया गया था और बाद में मेडिकल जांच के बाद छोड़ दिया गया।
प्रदर्शन के दौरान अकाली नेताओं ने मोहंजीत सिंह से कथित मारपीट के लिए जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके अलावा, प्रदर्शनकारियों ने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा की भूमिका की जांच करने और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग भी उठाई।
अकाली नेताओं ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर भी सरकार पर सवाल खड़े किए। उनका आरोप था कि सरकार ने नशा खत्म करने का वादा किया था, लेकिन राज्य में अभी भी नशे की बिक्री की शिकायतें सामने आ रही हैं। प्रदर्शनकारियों ने मंत्री अमन अरोड़ा और हरपाल सिंह चीमा के इस्तीफे की मांग भी की।
मोहंजीत सिंह प्रकरण को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं। वहीं, अकाली दल के इस प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ाई गई

