ब्रेकिंग न्यूज़
पंचकूला : ‘नशा मुक्त युवा’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय वॉकथॉन, युवाओं ने लिया नशे से दूर रहने का संकल्प

पंचकूला में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय वॉकथॉन आयोजित हुआ। युवाओं ने नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की शपथ ली।

पंचकूला / सत्ता संदेश

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत, हरियाणा द्वारा रविवार को ताऊ देवीलाल स्टेडियम, पंचकूला में ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान के तहत राज्य स्तरीय ‘वॉक फॉर नशा मुक्त युवा’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। 100 सप्ताह के नशा मुक्त युवा अभियान के अंतर्गत आयोजित इस वॉकथॉन में बड़ी संख्या में युवाओं और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और नशा मुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

कार्यक्रम में पंचकूला के महापौर श्याम लाल बंसल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा मेरा युवा भारत, हरियाणा के राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित, सहायक निदेशक ईशा गुप्ता, जिला युवा अधिकारी पंचकूला स्नेग्धा सिंह, वार्ड पार्षदों और अन्य गणमान्य अतिथियों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ से हुई, जिसके बाद राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित ने मुख्य अतिथि और अन्य अतिथियों का स्वागत किया।

महापौर श्याम लाल बंसल ने हरी झंडी दिखाकर वॉकथॉन को रवाना किया। प्रतिभागियों ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम से घग्गर नदी पुल तक जागरूकता पदयात्रा निकाली और निर्धारित मार्ग से वापस स्टेडियम पहुंचे। इस दौरान युवाओं ने नशे से दूर रहने, खेलकूद एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनाने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नशा मुक्ति की शपथ भी ली। उन्होंने स्वयं नशीले पदार्थों से दूर रहने और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर महापौर श्याम लाल बंसल ने स्वस्थ और जागरूक युवा शक्ति को विकसित भारत के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार बताया और युवाओं से अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। राज्य निदेशक आकर्ष दीक्षित ने भी युवाओं से जनजागरूकता गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा स्वयंसेवक नशा मुक्ति और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाकर सकारात्मक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

वॉकथॉन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। राज्य स्तरीय आयोजन के माध्यम से ‘नशा मुक्त भारत—स्वस्थ भारत, सशक्त भारत, विकसित भारत’ का संदेश लोगों तक पहुंचाया गया। युवाओं से अपील की गई कि वे नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता को अपने परिवार, मित्रों और समुदाय तक पहुंचाएं तथा स्वस्थ और नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *