लुधियाना : ऑपरेशन कासो के तहत सर्च ऑपरेशन, बस स्टैंड से 4 संदिग्ध हिरासत में
लुधियाना / सत्ता संदेश
नशे और आपराधिक गतिविधियों पर शिकंजा कसने के लिए लुधियाना पुलिस ने ऑपरेशन कासो के तहत शहर के अलग-अलग स्थानों पर सर्च और चेकिंग अभियान चलाया। इसी कड़ी में पुलिस टीमों ने लुधियाना बस स्टैंड पर भी विशेष चेकिंग की। पुलिस के मुताबिक, इस दौरान करीब 4 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लिया गया है और कुछ सामान की रिकवरी की बात भी सामने आई है।
एसीपी सरबजीत सिंह चीमा ने बताया कि यह चेकिंग अभियान पंजाब के डीजीपी के निर्देशों पर और लुधियाना पुलिस कमिश्नर के नेतृत्व में चलाया जा रहा है। अभियान के तहत उन स्थानों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जहां पुलिस को नशे की तस्करी या आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों के मौजूद होने की आशंका रहती है।
एसीपी ने बताया कि पुलिस टीमों ने बस स्टैंड परिसर में संदिग्ध लोगों और स्थानों की जांच की। इस दौरान कुछ लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान रिकवरी भी हुई है, हालांकि बरामदगी से संबंधित विस्तृत जानकारी पुलिस की ओर से जांच पूरी होने के बाद सामने रखी जा सकती है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन कासो के तहत शहर में संदिग्ध स्थानों पर लगातार चेकिंग की जा रही है। एसीपी सरबजीत सिंह चीमा ने इसे पुलिस की रूटीन चेकिंग और निगरानी प्रक्रिया का हिस्सा बताया।
पुलिस का कहना है कि नशे और अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

