ब्रेकिंग न्यूज़
LPU हिंसा मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार, अब तक 11 गिरफ्तारियां; 20 लोग नामजद

जालंधर / सत्ता संदेश

लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) हिंसा मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान योगेश अपूर्वा, निवासी मेहराटा, राजस्थान और आदित्य, निवासी हाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, दोनों पर हिंसा के दौरान गाड़ियों में तोड़फोड़ करने का आरोप है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की तैयारी की जा रही है।

इससे पहले पुलिस इस मामले में 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी थी और 20 लोगों को नामजद किया गया था। नई गिरफ्तारियों के बाद मामले में अब तक कुल 11 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

LPU परिसर में हुई हिंसा के दौरान तोड़फोड़, दुकानों में लूटपाट, पुलिस वाहनों में आगजनी और NH-44 को 18 घंटे से अधिक समय तक जाम किए जाने के मामले सामने आए थे। पुलिस ने पूरे मामले में 4 अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। जांच को आगे बढ़ाने के लिए 8 सदस्यीय SIT (स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम) का भी गठन किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए CCTV फुटेज समेत अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर कथित भड़काऊ और फर्जी AI वीडियो के प्रसार को लेकर भी साइबर क्राइम टीम कार्रवाई कर रही है। पुलिस के मुताबिक ऐसे करीब 300 पोस्ट हटाए गए हैं।

इस मामले में सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित रेप की खबर भी तेजी से वायरल हुई थी। हालांकि, संबंधित छात्रा ने वीडियो जारी कर खुद को सुरक्षित बताया था और ऐसी किसी घटना से इनकार किया था।

LPU हिंसा मामले को लेकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने भी पंजाब सरकार और पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। मामले की अगली सुनवाई 8 अक्टूबर को होगी। पुलिस का कहना है कि डिजिटल साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आगे भी गिरफ्तारियां की जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *