तरनतारन : लव मैरिज का विवाद: चाचा की बेटी से शादी करने वाले युवक की गोली मारकर हत्या, पिता गंभीर
तरनतारन / सत्ता संदेश
तरनतारन जिले के झबल थाना क्षेत्र के पंजवार गांव में लव मैरिज को लेकर हुए विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि लड़की के परिवार के लोगों ने युवक और उसके पिता पर फायरिंग की। घटना में युवक की मौत हो गई, जबकि उसके पिता गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज चल रहा है।
मृतक की पहचान अमृतपाल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, अमृतपाल सिंह ने करीब डेढ़ महीने पहले अपने चाचा की बेटी से लव मैरिज की थी। शादी के बाद से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था।
बताया जा रहा है कि रविवार को लड़की के परिवार के कुछ लोग अमृतपाल के घर पहुंचे। वहां दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान लड़की के परिवार वालों ने अमृतपाल सिंह और उसके पिता कश्मीर सिंह पर गोली चला दी। फायरिंग में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अमृतसर के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया। यहां इलाज के दौरान अमृतपाल सिंह ने दम तोड़ दिया। उसके पिता कश्मीर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका उपचार जारी है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही झबल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।
DSP सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

