LPU हिंसा मामले में 3 और छात्र गिरफ्तार, कोर्ट ने पुलिस रिमांड पर भेजा
जालंधर / सत्ता संदेश
फगवाड़ा-जालंधर नेशनल हाईवे स्थित Lovely Professional University (LPU) में हुई हिंसा के मामले में फगवाड़ा पुलिस ने तीन और छात्रों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिश्या पुत्र अशोक कुमार निवासी महाराष्ट्र, कृष्णा पुत्र राजेश निवासी बिहार और योगेश पुत्र संपत निवासी राजस्थान के रूप में हुई है। तीनों आरोपी लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के छात्र बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक पुलिस ने आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से काबू किया। इनमें से योगेश को लवली यूनिवर्सिटी के लोअर गेट से गिरफ्तार किया गया। पुलिस का आरोप है कि हिंसा के दौरान वाहनों में तोड़फोड़ करने, सड़क अवरुद्ध करने और छात्रों को हिंसा के लिए उकसाने की कोशिश की गई थी।
गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को फगवाड़ा की अदालत में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाने के लिए रिमांड हासिल किया है। अब पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर हिंसा के दौरान उनकी कथित भूमिका और मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

