ब्रेकिंग न्यूज़
अंडर-19 एशिया कप 2026 का शेड्यूल जारी, 8 नवंबर को भारत-पाकिस्तान में महामुकाबला

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

अंडर-19 एशिया कप 2026 के शेड्यूल का ऐलान कर दिया गया है। इस बार टूर्नामेंट का आयोजन ओमान में होगा, जिसमें कुल 8 टीमें हिस्सा लेंगी। क्रिकेट फैंस के लिए सबसे खास मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होगा। दोनों टीमें लीग स्टेज में 8 नवंबर को आमने-सामने होंगी।

टूर्नामेंट की शुरुआत 5 नवंबर से होगी। पहले दिन श्रीलंका का सामना मलेशिया से, जबकि बांग्लादेश की भिड़ंत अफगानिस्तान से होगी। भारत अपने अभियान की शुरुआत 6 नवंबर को नेपाल के खिलाफ करेगा।

टूर्नामेंट में भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, अफगानिस्तान, नेपाल, यूएई और मलेशिया की टीमें हिस्सा लेंगी।

अंडर-19 एशिया कप 2026 का पूरा शेड्यूल

  • 5 नवंबर: श्रीलंका बनाम मलेशिया, बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान
  • 6 नवंबर: पाकिस्तान बनाम यूएई, भारत बनाम नेपाल
  • 7 नवंबर: अफगानिस्तान बनाम मलेशिया, श्रीलंका बनाम बांग्लादेश
  • 8 नवंबर: यूएई बनाम नेपाल, भारत बनाम पाकिस्तान
  • 9 नवंबर: बांग्लादेश बनाम मलेशिया, श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान
  • 10 नवंबर: भारत बनाम यूएई, पाकिस्तान बनाम नेपाल
  • 12 नवंबर: सेमीफाइनल- A1 बनाम B2 और B1 बनाम A2
  • 14 नवंबर: फाइनल

लगातार दो फाइनल हार चुका है भारत

भारतीय अंडर-19 टीम के लिए पिछले कुछ संस्करणों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा है। 2025 में खेले गए अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में पाकिस्तान ने भारत को 191 रनों से हराया था। पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 347 रन बनाए थे, जिसके जवाब में भारतीय टीम 156 रन पर ऑलआउट हो गई थी।

भारत लगातार दो बार अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में हार चुका है। टीम इंडिया ने आखिरी बार 2021 में यह खिताब जीता था। इससे पहले भारत ने 2018 और 2019 में भी लगातार खिताब अपने नाम किए थे। भारत इस टूर्नामेंट को अब तक सबसे ज्यादा 7 बार जीत चुका है।

अंडर-19 एशिया कप में पाकिस्तानी बल्लेबाजों का दबदबा

अंडर-19 एशिया कप में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में पाकिस्तान के खिलाड़ियों का दबदबा देखने को मिलता है। पाकिस्तान के समी असलम ने 10 मैचों में 840 रन बनाए हैं और वह टूर्नामेंट के सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं।

पाकिस्तान के शाहजेब खान ने 8 मैचों में 504 रन, जबकि समीर मिन्हास ने 5 मैचों में 471 रन बनाए हैं। भारत की ओर से हिमांशु राणा ने 8 मैचों में 451 रन और वैभव सूर्यवंशी ने 10 मैचों में 437 रन बनाए हैं।

भारत और पाकिस्तान के बीच 8 नवंबर को होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। दोनों टीमों के बीच मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें इस मैच पर रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *