Ludhiana : रायकोट में किसान जागरूकता कैंप आज, 2 हजार किसानों के शामिल होने की उम्मीद
रायकोट के कत्याल पैलेस में 9 अक्टूबर को जिला स्तरीय किसान जागरूकता कैंप लगेगा। रबी फसलों, मिट्टी की जांच, खाद के सही इस्तेमाल और पराली प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी।
लुधियाना / सत्ता संदेश
दिनांक : 8 अक्टूबर 2026
रबी फसलों की बुवाई से पहले किसानों को आधुनिक खेती की तकनीकों और कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से 9 अक्टूबर को रायकोट में जिला स्तरीय किसान जागरूकता एवं प्रशिक्षण कैंप लगाया जाएगा। यह कैंप रायकोट-लुधियाना रोड स्थित कत्याल पैलेस में आयोजित होगा, जिसमें करीब 2,000 किसानों के शामिल होने की उम्मीद है।
लुधियाना के चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से किसानों की भलाई के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई जा रही हैं। विभाग का मुख्य उद्देश्य किसानों को अच्छी गुणवत्ता वाले बीज, खाद और कीटनाशक उपलब्ध कराने के साथ-साथ उन्हें रबी और खरीफ फसलों की आधुनिक खेती के बारे में तकनीकी जानकारी देना है। इसके लिए गांव और ब्लॉक स्तर पर भी विशेष जागरूकता कैंप लगाए जाते हैं।
उन्होंने किसानों से अपील की कि वे मिट्टी की जांच करवाने के बाद ही जरूरत के अनुसार खाद का इस्तेमाल करें। इससे खेती की लागत कम करने और मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखने में मदद मिलेगी।
चीफ एग्रीकल्चर ऑफिसर ने किसानों को फसल अवशेष यानी पराली जलाने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि पराली जलाने से वायु प्रदूषण बढ़ता है, जिससे लोगों को सांस संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इसके अलावा, आग लगाने से मिट्टी की उपजाऊ शक्ति पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे पराली और अन्य कृषि अवशेषों को जलाने के बजाय मिट्टी में मिलाने तथा सरकार की ओर से सब्सिडी पर उपलब्ध आधुनिक कृषि मशीनों और तकनीकों का इस्तेमाल करें।
उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे 9 अक्टूबर को आयोजित होने वाले इस जिला स्तरीय कैंप में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और कृषि विशेषज्ञों से जानकारी लेकर इसका पूरा लाभ उठाएं।

