लुधियाना: मेगा PTM में बोले कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां, बच्चों को नशे से दूर रखने में अभिभावकों की भूमिका अहम
सरकारी स्कूलों में पेरेंट्स की बढ़ती भागीदारी को बताया शिक्षा में बदलाव का संकेत, माता-पिता और शिक्षकों के बीच बेहतर तालमेल पर दिया जोर
लुधियाना / सत्ता संदेश
पंजाब के आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने स्कूल ऑफ एमिनेंस, मुंडियां कलां में आयोजित मेगा पेरेंट-टीचर मीटिंग (मेगा PTM) में हिस्सा लिया और विद्यार्थियों के माता-पिता तथा शिक्षकों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में अभिभावकों की बढ़ती भागीदारी पंजाब में शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे बदलावों का संकेत है। इससे विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उनके भविष्य को बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि पंजाब के सभी सरकारी स्कूलों में आयोजित पेरेंट-टीचर मीटिंग में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया। बच्चों की पढ़ाई, उनकी रुचि, क्षमता और सर्वांगीण विकास को समझने के लिए माता-पिता तथा शिक्षकों के बीच नियमित संवाद बेहद जरूरी है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता और बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए प्रयास कर रही है। शिक्षकों की मेहनत और सरकार की शिक्षा संबंधी पहलों से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिल रहे हैं।
मुंडियां ने अभिभावकों से अपील की कि वे पेरेंट-टीचर मीटिंग में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और बच्चों की पढ़ाई तथा प्रगति के संबंध में शिक्षकों के संपर्क में रहें। उन्होंने कहा कि बच्चों की रुचि और योग्यता को ध्यान में रखते हुए उन्हें उच्च शिक्षा प्राप्त करने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रोत्साहित करना चाहिए।
इस अवसर पर अभिभावकों ने भी सरकारी स्कूलों में शिक्षा के क्षेत्र में हुए बदलावों पर खुशी जताई और पंजाब सरकार के प्रयासों की सराहना की।
मीडिया से बातचीत करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अभिभावकों से मिलकर उन्हें खुशी हुई। उन्होंने बताया कि माता-पिता अपने बच्चों को सरकारी स्कूलों में मिल रही शिक्षा से संतुष्ट हैं। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए स्कूल और परिवार के बीच सहयोग तथा बेहतर तालमेल जरूरी है।
बच्चों को नशे से दूर रखने की अपील
कैबिनेट मंत्री ने नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देते हुए अभिभावकों से बच्चों पर ध्यान देने और उन्हें नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बुरी संगत से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी अपने माता-पिता या शिक्षकों को देने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘युद्ध नशे के विरुद्ध’ अभियान के तहत वार्ड और गांव स्तर पर रक्षा समितियां नशे के खिलाफ काम कर रही हैं। इस अभियान में स्कूली विद्यार्थियों की जागरूकता और भागीदारी भी महत्वपूर्ण है। बच्चों को छोटी उम्र से ही सही दिशा दिखाकर शिक्षा, मेहनत और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया जा सकता है।
इस मौके पर वार्ड नंबर 24 के पार्षद गुरमीत सिंह, स्कूल की प्रिंसिपल पूजा त्रेहन, स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की अध्यक्ष रविंदर कौर, बायोलॉजी लेक्चरर गुरप्रीत कौर, मैथ लेक्चरर राजविंदर सिंह, कैंपस मैनेजर गुरजंत सिंह सहित बड़ी संख्या में विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।

