ब्रेकिंग न्यूज़
अकाली दल वारिस पंजाब की सरफकोट में पहली बैठक, 2027 चुनाव को लेकर बड़ा दावा

डेरा बाबा नानक के गांव सरफकोट में अकाली दल वारिस पंजाब की पहली बैठक हुई। भाई सुखविंदर सिंह अगवान के नेतृत्व में नेताओं ने संगठन विस्तार और 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।

डेरा बाबा नानक / पंजाब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: लवप्रीत सिंह खुशीपुर

अकाली दल वारिस पंजाब संगठन की पहली बैठक हलका डेरा बाबा नानक के गांव सरफकोट में आयोजित की गई। वरिष्ठ नेता भाई सुखविंदर सिंह अगवान के नेतृत्व में हुई इस बैठक में माझा क्षेत्र के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक के दौरान संगठन की गतिविधियों को मजबूत करने और आगामी 2027 पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में माझा जोन के अध्यक्ष भाई अमरजीत सिंह वनचारी, स्वर्ण सिंह गोल्डन, बटाला के जिला अध्यक्ष मनजिंदर सिंह बल, हलका फतेहगढ़ चूड़ियां से भाई युवराज सिंह लाले नंगल, हलका डेरा बाबा नानक से भाई शमशेर सिंह घुम्मन और गुरजिंदर सिंह पड्डा विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस दौरान विभिन्न वक्ताओं ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन के अध्यक्ष और सांसद भाई अमृतपाल सिंह के विचारों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा संगठन से जुड़ रहे हैं। वक्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।

नेताओं ने कहा कि हलका डेरा बाबा नानक में यह संगठन की पहली बैठक है। आने वाले दिनों में क्षेत्र के अलग-अलग गांवों में भी बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि संगठन का विस्तार किया जा सके और लोगों तक अपनी विचारधारा पहुंचाई जा सके।

बैठक के दौरान नेताओं ने दावा किया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की ओर से राज्य में करीब 40 उम्मीदवारों के नाम घोषित किए जा चुके हैं। बाकी उम्मीदवारों के नाम भी जल्द घोषित करने की बात कही गई।

बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, गांव स्तर पर संपर्क अभियान और चुनावी तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *