ब्रेकिंग न्यूज़
गुरदासपुर में रेडीमेड दुकान से 80 हजार रुपये चोरी, छत के रास्ते घुसे चोर; व्यापारी नेता ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

गुरदासपुर / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : लवप्रीत सिंह, खुशीपुर

शहर के हनुमान चौक स्थित एक रेडीमेड कपड़ों की दुकान में चोरों ने छत के रास्ते प्रवेश कर करीब 80 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने पास स्थित एक ज्वेलरी शॉप की दीवार तोड़ने की भी कोशिश की, लेकिन वहां से चोरी करने में कामयाब नहीं हो सके।

दुकान मालिक नितिन महाजन के मुताबिक, अगले दिन एक व्यापारी को भुगतान करना था, जिसके चलते उन्होंने करीब 80 हजार रुपये दुकान में ही रखे थे। रात के समय चोर पीछे की दीवार फांदकर छत तक पहुंचे और दरवाजा तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए। इसके बाद नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद व्यापार मंडल के जिला प्रेसिडेंट दर्शन महाजन भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से दुकानदारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

दर्शन महाजन ने कहा कि व्यापारी पहले ही मंदी, बढ़ते टैक्स और ऑनलाइन ट्रेडिंग के कारण आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। ऐसे में चोरी की घटनाएं दुकानदारों की परेशानियां और बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा कि इस दुकानदार ने व्यापार के काम के लिए पैसे रखे थे, लेकिन चोर रात में उन्हें भी ले गए।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजारों और दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *