ब्रेकिंग न्यूज़
फरीदाबाद में करंट लगने से दो मजदूरों की मौत, सीवर लाइन की खुदाई के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

फरीदाबाद / सत्ता संदेश

हरियाणा के फरीदाबाद से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सेक्टर-14 में सीवर लाइन का काम कर रहे दो मजदूरों की करंट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों की शिकायत पर मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यह दर्दनाक हादसा फरीदाबाद के सेक्टर-14 स्थित कोठी नंबर-692 के बाहर हुआ, जहां सीवर लाइन के पाइप जोड़ने के लिए गड्ढे की खुदाई की जा रही थी। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन की चपेट में आने से दो मजदूरों को जोरदार करंट लगा। करंट इतना तेज था कि दोनों मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान 55 वर्षीय मनीष और शहंशाह के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से बिहार के रहने वाले थे और फरीदाबाद में मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि मकान मालिक को जमीन के नीचे से गुजर रही बिजली की लाइन की जानकारी थी, लेकिन काम शुरू कराने से पहले मजदूरों को इसके बारे में नहीं बताया गया। कर्मचारियों का कहना है कि यदि समय रहते यह जानकारी दे दी जाती, तो दो मजदूरों की जान बचाई जा सकती थी।

परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मकान मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अब जांच के बाद ही साफ हो सकेगा कि यह हादसा लापरवाही का नतीजा था या किसी और वजह से हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *