ब्रेकिंग न्यूज़
लुधियाना : पराली जलाने के खिलाफ अभियान तेज, डीसी ने 3 अवेयरनेस वैन को दिखाई हरी झंडी

लुधियाना में धान की पराली जलाने के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया गया। डीसी हिमांशु जैन ने 3 अवेयरनेस वैन रवाना कीं, जो गांव-गांव जाकर किसानों को पराली प्रबंधन के प्रति जागरूक करेंगी।

लुधियाना / सत्ता संदेश

धान की पराली जलाने से होने वाले नुकसान के प्रति किसानों को जागरूक करने के लिए लुधियाना प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेटिव कॉम्प्लेक्स से तीन अवेयरनेस वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

ये वैन कृषि विभाग, लुधियाना की ओर से चलाए जा रहे ‘स्टबल मैनेजमेंट कैंपेन’ के तहत चलाई जा रही हैं। धान की कटाई के सीजन के दौरान ये वैन जिले के सभी ब्लॉकों में जाकर गांव-गांव किसानों को पराली न जलाने और इसे बिना आग लगाए मैनेज करने के लिए जागरूक करेंगी।

डिप्टी कमिश्नर हिमांशु जैन ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में जिले में पराली प्रबंधन से जुड़ी 5,000 से अधिक कृषि मशीनें सब्सिडी पर उपलब्ध कराई गई हैं। इस साल भी किसान अब तक करीब 1,300 और मशीनें खरीद चुके हैं।

उन्होंने बताया कि पिछले साल जिले में पराली जलाने की कुल 219 घटनाएं दर्ज की गई थीं। प्रशासन के मुताबिक, पराली जलाने की घटनाओं में कमी लाने में सहयोग करने वाले किसानों को कृषि विभाग की ओर से कैंप लगाकर सम्मानित भी किया जा रहा है।

हिमांशु जैन ने कहा कि इस वर्ष भी किसानों के सहयोग और कृषि, सहकारिता, ग्रामीण विकास तथा शिक्षा विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों के जरिए पराली जलाने की घटनाओं को पूरी तरह खत्म करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने जिले के किसानों से अपील की कि वे पराली को बिना जलाए मैनेज करने के लिए किसान समूहों, सहकारी समितियों और पंचायतों का सहयोग लें। उन्होंने कहा कि पराली का उचित प्रबंधन करके पर्यावरण को प्रदूषण से बचाने में मदद मिल सकती है।

इस मौके पर मुख्य कृषि अधिकारी डॉ. गुरदीप सिंह ने बताया कि अवेयरनेस वैन किसानों को पराली जलाने से होने वाले नुकसान और इसके उचित प्रबंधन के फायदों के बारे में जानकारी देंगी। वैन में ऑडियो सिस्टम भी लगाया गया है, जिसके माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।

डॉ. गुरदीप सिंह ने बताया कि अवेयरनेस वैन के अलावा गांवों में किसान प्रशिक्षण कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। स्कूलों में कार्यक्रमों, अखबारों, WhatsApp संदेशों और दीवारों पर लिखे स्लोगन के जरिए भी किसानों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

इस अवसर पर खेतीबाड़ी विभाग के इंजीनियर अमनप्रीत सिंह घई, खेतीबाड़ी अधिकारी ब्लॉक लुधियाना डॉ. हरिंदर सिंह और एडीओ डॉ. करमजीत सिंह ने भी किसानों से विभाग की मुहिम में सहयोग करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *