ब्रेकिंग न्यूज़
अमृतसर रूरल में पुलिस और मोस्ट वांटेड गैंगस्टर के बीच एनकाउंटर, पैर में लगी गोली

अमृतसर / सत्ता संदेश

अमृतसर रूरल के मत्तेवाल थाना क्षेत्र में नेहर सुए के पास पुलिस और एक मोस्ट वांटेड गैंगस्टर के बीच एनकाउंटर का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर हरमन भोपा राय के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, हरमन भोपा राय स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर भोवा की तरफ से चुगावां की ओर आ रहा था। इसी दौरान पुलिस पार्टी ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोपी ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

SSP अमृतसर रूरल कंवलप्रीत सिंह चहल के मुताबिक, पुलिस को पहले से खुफिया सूचना मिली थी कि मोस्ट वांटेड गैंगस्टर हरमन भोपा राय इस इलाके में आने वाला है। सूचना के आधार पर मत्तेवाल थाना SHO दिलजीत सिंह की अगुवाई में पुलिस पार्टी ने नाकाबंदी की हुई थी।

पुलिस के मुताबिक, रोकने की कोशिश के दौरान गैंगस्टर ने पुलिस पार्टी पर करीब 3 से 4 गोलियां चलाईं। इस दौरान एक गोली SHO के हाथ के पास से निकल गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हरमन भोपा राय के पैर में गोली लगी।

घायल गैंगस्टर को पुलिस ने तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हरमन भोपा राय के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। SSP के मुताबिक, गुरदासपुर के हनुमान चौक में हुए ग्रेनेड हमले के मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी। इसके अलावा मत्तेवाल थाने में केस नंबर 106/26 दर्ज है, जिसमें उस पर एक व्यक्ति पर गोली चलाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ स्नैचिंग और हत्या के प्रयास से जुड़े मामले भी दर्ज हैं।

पुलिस अब अस्पताल में इलाज पूरा होने के बाद आरोपी को पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की कार्रवाई करेगी। पुलिस के मुताबिक, रिमांड के दौरान उससे अन्य वारदातों और उसके आपराधिक नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *