ब्रेकिंग न्यूज़
₹500 का नोट असली है या नकली? RBI ने बताए पहचानने के आसान तरीके, ऐसे करें पहचान

नई दिल्ली। बाजार में नकली नोटों की पहचान को लेकर लोगों के बीच अक्सर असमंजस की स्थिति रहती है। खासकर ₹500 के नोट को लेकर सतर्क रहना जरूरी है, क्योंकि यह आम लेन-देन में इस्तेमाल होने वाली प्रमुख मुद्रा है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने ₹500 के नोट में कई सुरक्षा फीचर्स दिए हैं, जिनकी मदद से आम व्यक्ति असली और नकली नोट में अंतर कर सकता है।

RBI ने मई 2023 में ₹2000 के बैंक नोट को सर्कुलेशन से वापस लेने की घोषणा की थी। हालांकि, ₹2000 के नोट का कानूनी मुद्रा का दर्जा खत्म नहीं किया गया था। RBI के अनुसार ये नोट अभी भी लीगल टेंडर हैं।

इसी बीच ₹500 के नकली नोटों का मुद्दा भी सामने आता रहा है। RBI की 2022-23 की रिपोर्ट के अनुसार बैंकिंग सिस्टम में ₹500 के 91,110 नकली नोट पकड़े गए थे, जो इससे पिछले वित्त वर्ष के 79,669 नोटों की तुलना में 14.4 प्रतिशत अधिक थे। बाद में सरकार द्वारा संसद में उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के मुताबिक 2023-24 में ₹500 के 85,711 नकली नोट पकड़े गए।

₹500 के असली नोट की ऐसे करें पहचान

महात्मा गांधी की तस्वीर:
नोट के सामने वाले हिस्से के बीच में महात्मा गांधी का चित्र होता है।

देवनागरी में ₹500:
नोट पर मूल्यवर्ग 500 देवनागरी लिपि में भी अंकित होता है।

पारदर्शी रजिस्टर:
नोट को रोशनी के सामने रखने पर मूल्यवर्ग से जुड़ा पारदर्शी रजिस्टर दिखाई देता है।

सुरक्षा धागा:
₹500 के नोट में विंडोड कलर-शिफ्टिंग सिक्योरिटी थ्रेड होता है। नोट को झुकाने पर इसका रंग हरे से नीला दिखाई देता है। इस धागे पर ‘भारत’ और ‘RBI’ अंकित होते हैं।

वॉटरमार्क:
नोट को रोशनी के सामने रखने पर महात्मा गांधी का वॉटरमार्क और मूल्यवर्ग का इलेक्ट्रोटाइप वॉटरमार्क देखा जा सकता है।

रंग बदलने वाली स्याही:
नोट पर मूल्यवर्ग का अंक ऐसी स्याही से छपा होता है जिसका रंग नोट को झुकाने पर हरे से नीला दिखाई देता है।

अशोक स्तंभ:
नोट के दाईं ओर अशोक स्तंभ का प्रतीक मौजूद होता है।

उभरी हुई छपाई:
दृष्टिबाधित लोगों की सुविधा के लिए नोट पर कुछ चिन्ह और अंक उभरी हुई यानी इंटैग्लियो प्रिंटिंग में दिए गए हैं। ₹500 के नोट पर पहचान चिह्न के रूप में उभरा हुआ वृत्त (circle) दिया गया है। इसके अलावा पहचान के लिए एंगुलर ब्लीड लाइनों की व्यवस्था भी है।

नोट लेते समय इन बातों का रखें ध्यान

अगर किसी ₹500 के नोट की प्रिंटिंग संदिग्ध लगे, सुरक्षा धागा सामान्य दिखाई दे या वॉटरमार्क और उभरी हुई छपाई जैसे फीचर्स नजर न आएं, तो उसे सामान्य नोट मानकर आगे चलाने के बजाय बैंक में इसकी जांच करवाना बेहतर है। RBI ने बैंकों को नकली नोटों की पहचान और उन्हें निर्धारित प्रक्रिया के तहत संभालने के लिए दिशा-निर्देश दिए हैं।

ध्यान रखें: केवल नोट का रंग, आकार या कागज छूकर असली-नकली का फैसला न करें। RBI द्वारा बताए गए कई सुरक्षा फीचर्स को एक साथ जांचना ज्यादा विश्वसनीय तरीका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *