ब्रेकिंग न्यूज़
केदारनाथ धाम यात्रा 27 सितंबर तक स्थगित, रेड अलर्ट के चलते प्रशासन का फैसला

रुद्रप्रयाग / सत्ता संदेश

मौसम विभाग की ओर से जारी रेड अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम यात्रा को शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक स्थगित कर दिया गया है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट घोषित किया गया है। खराब मौसम को देखते हुए देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से रोका गया है।

खराब मौसम का असर केदारनाथ धाम की हेली सेवा पर भी पड़ा। शनिवार को मौसम की स्थिति को देखते हुए हेली सेवा संचालित नहीं की गई।

प्रशासन ने यात्रा मार्ग के सभी सेक्टर अधिकारियों, चेकपोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार, मौसम सामान्य होने के बाद केदारनाथ यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *