ब्रेकिंग न्यूज़
चंडीगढ़ : पावरग्रिड अंतर-क्षेत्रीय ब्रिज टूर्नामेंट 2026 का समापन, उत्तर-पश्चिम क्षेत्र बना टीम चैंपियन

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

चंडीगढ़ में 24 से 26 सितंबर तक आयोजित तीन दिवसीय पावरग्रिड अंतर-क्षेत्रीय ब्रिज टूर्नामेंट 2026 का रोमांचक फाइनल मुकाबलों और पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हो गया। टूर्नामेंट में देश के विभिन्न क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और ब्रिज प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया।

टीम चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उत्तर-पश्चिम क्षेत्र ने कड़े संघर्ष के बाद पूर्वी क्षेत्र-I को 18–16 के स्कोर से हराकर टीम खिताब अपने नाम किया। वहीं, तीसरे स्थान के मुकाबले में पूर्वी क्षेत्र-II ने पश्चिमी क्षेत्र-I को 9–7 से मात दी।

पेयर्स स्पर्धा में पूर्वी क्षेत्र-I के रंजीत कुमार और दिग्विजय सिंह की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप की ट्रॉफी अपने नाम की। उत्तर-पश्चिम क्षेत्र के सुधीर और देवी लाल की जोड़ी प्रथम उपविजेता रही, जबकि पूर्वी क्षेत्र-II के अभिराम सिंह और पल्लव नंदी ने दूसरा उपविजेता स्थान हासिल किया।

टूर्नामेंट के समापन समारोह में पावरग्रिड उत्तरी क्षेत्र-II के कार्यपालक निदेशक तरुण बजाज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर आशुतोष के. शर्मा, महाप्रबंधक (मानव संसाधन), पावरग्रिड के वरिष्ठ अधिकारी और पंजाब ब्रिज एसोसिएशन के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान मुख्य अतिथि और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने विजेता खिलाड़ियों, प्रतिभागियों और मैच अधिकारियों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में तरुण बजाज ने विजेताओं को बधाई दी और पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों द्वारा प्रदर्शित खेल भावना और पेशेवर कौशल की सराहना की।

उन्होंने दैनिक जीवन में खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन कर्मचारियों के बीच शारीरिक फिटनेस, मानसिक स्वास्थ्य और आपसी सौहार्द को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कर्मचारियों के लिए खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की दिशा में पावरग्रिड के प्रयासों को भी रेखांकित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *