ब्रेकिंग न्यूज़
Batala Murder: बटाला में युवक की गोली मारकर हत्या, सिर में लगी गोली; पार्टनरशिप विवाद की बात आई सामने

बटाला के मल्लियांवाल गांव में 35 वर्षीय फलजीत सिंह उर्फ लाली की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों ने पार्टनरशिप विवाद को घटना से जोड़ते हुए जानकारी दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बटाला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट: लकी बटाला

बटाला के मल्लियांवाल गांव में देर शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के बाहर टहल रहे 35 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। गोली सिर में लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिवार के सदस्य उसे इलाज के लिए बटाला सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान मल्लियांवाल गांव निवासी सुलखन सिंह के बेटे फलजीत सिंह उर्फ लाली के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, फलजीत सिंह घर के बाहर टहल रहा था। इसी दौरान कुछ लोग पैदल उसके पास आए और उससे बातचीत करने लगे। परिवार का आरोप है कि बातचीत के दौरान बहस हुई, जिसके बाद युवक को गोली मार दी गई।

परिजनों के मुताबिक, गोली फलजीत सिंह के सिर में लगी थी। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक के चाचा लखविंदर सिंह ने बताया कि पार्टनरशिप को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। उनके अनुसार, पार्टनरशिप में पहले से एक कंबाइन थी, जबकि बाद में फलजीत सिंह उर्फ लाली ने भी एक कंबाइन खरीद ली थी। इसके बाद उसके कंबाइन के काम में आने से दूसरी पार्टी के काम पर असर पड़ने लगा और इसी बात को लेकर विवाद पैदा हुआ।

लखविंदर सिंह ने बताया कि फलजीत सिंह के पिता की करीब एक महीने पहले ही मौत हुई थी और अब बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने बताया कि फलजीत सिंह पांच बहनों का इकलौता भाई था और उसके दो छोटे बच्चे भी हैं।

बटाला सिविल अस्पताल के डॉक्टर विपनदीप सिंह ने बताया कि युवक को अस्पताल लाने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी। शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है।

पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। हत्या के पीछे के वास्तविक कारण और वारदात में शामिल आरोपियों के संबंध में जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *