ब्रेकिंग न्यूज़
“धान की बंपर आमद से पहले आढ़तियों की चिंता! 20 सितंबर से सरकारी खरीद शुरू करने की मांग”
  • 20 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग, समराला में आढ़तियों की बैठक

समराला अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन की बैठक में 20 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू करने की मांग उठी। आढ़तियों ने लिफ्टिंग और मालगाड़ियों के रैक बढ़ाने की भी मांग की।

समराला / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : परमिंदर वर्मा

समराला की अनाज मंडी में आढ़ती एसोसिएशन की एक अहम बैठक प्रधान आलमदीप सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में आगामी धान खरीद सीजन को लेकर किसानों और आढ़तियों को पेश आने वाली समस्याओं तथा मंडियों में खरीद और लिफ्टिंग की व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान आढ़तियों ने मांग उठाई कि इस बार धान की फसल समय से पहले पककर तैयार हो रही है और मंडियों में फसल की आमद सामान्य समय से करीब 10 दिन पहले होने की संभावना है। ऐसे में सरकार को 20 सितंबर से धान की सरकारी खरीद शुरू कर देनी चाहिए, ताकि मंडियों में फसल का अधिक जमावड़ा न हो और किसानों व आढ़तियों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

आढ़ती नेताओं ने कहा कि यदि समय पर सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई तो मंडियों में धान की भारी आमद हो सकती है। इससे फसल के भंडारण और लिफ्टिंग की समस्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने सरकार से खरीद शुरू होने से पहले मंडियों में पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की।

बैठक में पिछले सीजन के चावल की लिफ्टिंग जल्द पूरी करने का मुद्दा भी उठाया गया। आढ़तियों ने खन्ना-समराला रेल हेड पर माल ढुलाई के लिए स्पेशल मालगाड़ियों के रैक बढ़ाने की मांग की, ताकि सेलरों में पड़ा शेष माल समय पर बाहर भेजा जा सके।

आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान आलमदीप सिंह और आढ़ती गुरमेल सिंह ने कहा कि सरकार को धान खरीद सीजन शुरू होने से पहले खरीद, भंडारण और लिफ्टिंग की व्यवस्था को लेकर उचित प्रबंध करने चाहिए, ताकि सीजन के दौरान किसानों और आढ़तियों को किसी तरह की परेशानी न हो।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *