ब्रेकिंग न्यूज़
Delhi IGI Airport: बैंकॉक से आए यात्री के पास मिले ₹3.04 करोड़ के कीमती पत्थर और ज्वेलरी, कस्टम्स ने किया गिरफ्तार

नई दिल्ली / सत्ता संदेश

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर कस्टम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बैंकॉक से आए एक यात्री के पास से करीब 3.04 करोड़ रुपये मूल्य के कीमती पत्थर और ज्वेलरी बरामद की है। कस्टम अधिकारियों ने यात्री को गिरफ्तार कर बरामद सामान को जब्त कर लिया है।

कस्टम विभाग के मुताबिक, बैंकॉक से दिल्ली पहुंचे यात्री को 3 अक्टूबर को IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर रोका गया था। यात्री 2 अक्टूबर को बैंकॉक से फ्लाइट के जरिए दिल्ली पहुंचा था। पूछताछ के दौरान यात्री ने स्वीकार किया कि वह कीमती पत्थर और ज्वेलरी बैंकॉक से दिल्ली लेकर आया था।

यात्री के सामान और व्यक्तिगत तलाशी के दौरान कस्टम अधिकारियों को 3,200 पीस कीमती पत्थर और ज्वेलरी मिली, जिनकी कीमत करीब 1.01 करोड़ रुपये आंकी गई। इसके बाद मामले की आगे की जांच के तहत यात्री से जुड़े ठिकानों पर भी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान एक ठिकाने से 196.676 किलोग्राम काले-हरे रंग के कच्चे पन्ने (Rough Emeralds) बरामद किए गए। इसके अलावा 221 कैरेट कट-पॉलिश रूबी और 45 कैरेट कट-पॉलिश पन्ने भी अधिकारियों के हाथ लगे। इन बरामद कीमती पत्थरों की कीमत करीब 2.02 करोड़ रुपये बताई गई है।

कस्टम विभाग के अनुसार, एयरपोर्ट पर यात्री के पास से बरामद सामान और उसके ठिकाने से मिले कीमती पत्थरों को मिलाकर कुल बरामदगी की कीमत करीब 3.04 करोड़ रुपये है। कस्टम्स ने पूरा सामान सीज कर लिया है।

मामले में यात्री को कस्टम्स एक्ट की धारा 104 के तहत गिरफ्तार किया गया है। कस्टम विभाग द्वारा मामले की आगे की जांच की जा रही है।

SEO Headline

SEO Keywords

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *