ब्रेकिंग न्यूज़
परगट सिंह के पंजाब कांग्रेस प्रधान बनने पर परिवार और समर्थकों में खुशी, 2027 को लेकर जताया भरोसा

जालंधर / सत्ता संदेश

परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनाए जाने के बाद उनके परिवार और समर्थकों में खुशी का माहौल है। कांग्रेस ने 2 अक्टूबर को पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान और जालंधर कैंट से विधायक परगट सिंह को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपी। उन्होंने अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की जगह यह जिम्मेदारी संभाली है।

परगट सिंह के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद उनकी पत्नी वरिंदर प्रीत कौर ने खुशी जाहिर करते हुए कांग्रेस हाईकमान के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि परगट सिंह को पंजाब प्रदेश कांग्रेस की जिम्मेदारी देना पार्टी का अच्छा फैसला है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी अगुवाई में कांग्रेस 2027 के विधानसभा चुनाव में मजबूती से चुनाव लड़ेगी। इस दौरान उन्होंने समर्थकों और सभी शुभचिंतकों का धन्यवाद भी किया।

वहीं, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. नवजोत दहिया ने परगट सिंह को पार्टी का वरिष्ठ नेता बताते हुए कहा कि उन्हें कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलने का अनुभव है। उन्होंने कहा कि परगट सिंह के नेतृत्व में पार्टी संगठन को मजबूती देने पर जोर रहेगा।

डॉ. नवजोत दहिया ने आम आदमी पार्टी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब सरकार के कामकाज में दिल्ली के नेताओं का प्रभाव है। उन्होंने कहा कि जनता राजनीतिक दलों के कामकाज को देख रही है और 2027 के विधानसभा चुनाव में अपना फैसला सुनाएगी।

परगट सिंह की नियुक्ति पंजाब कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन के ऐसे समय हुई है, जब विधानसभा चुनाव 2027 में होने हैं। कांग्रेस की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

अब नई जिम्मेदारी के साथ परगट सिंह के सामने पार्टी संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की तैयारियों को आगे बढ़ाने की चुनौती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *