ब्रेकिंग न्यूज़
हरिमंदिर साहिब माथा टेकने गया था परिवार, पीछे से चोरों ने घर किया साफ; 5 लाख के गहने-नकदी चोरी

समराला / सत्ता संदेश

Report: परमिंदर वर्मा

समराला: समराला के नजदीकी गांव नागरा में दिनदहाड़े एक घर को निशाना बनाकर चोरी की वारदात सामने आई है। चोर घर से करीब 5 लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी कर फरार हो गए। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित परिवार के मुखिया किरपाल सिंह ने बताया कि वह बीती शाम अपने परिवार के साथ अमृतसर स्थित श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेकने गए थे। गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे जब परिवार वापस घर पहुंचा तो मुख्य गेट और अंदर के कमरों के ताले टूटे मिले। घर के अंदर सामान बिखरा हुआ था।

जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 3 तोले सोने के गहने, कीमती चांदी का सामान और नकदी चोरी कर ले गए। परिवार के अनुसार, चोरी की इस वारदात में उन्हें करीब 5 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

CCTV में दीवार फांदते नजर आए नकाबपोश चोर

घटना के बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में बिना नंबर प्लेट वाली पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश युवक दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि दोनों युवक ढींडसा गांव की तरफ से आए थे।

CCTV फुटेज के अनुसार, दोनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल घर के बाहर खड़ी की और दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुए। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। फुटेज में आरोपियों के घर की दीवार फांदने की गतिविधि भी दिखाई दे रही है।

दिनदहाड़े चोरी से ग्रामीणों में दहशत

गांव के प्रमुख लोगों मनजीत सिंह और इंद्रपाल सिंह ने कहा कि दिनदहाड़े इस तरह की घटनाओं से ग्रामीणों में डर का माहौल पैदा हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए और चोरी हुआ सामान बरामद कर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाए।

पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *