ब्रेकिंग न्यूज़
नाभा में दूध और डेयरी उत्पादों की दुकानों पर हेल्थ विभाग की रेड, दूध-पनीर के लिए सैंपल

नाभा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : चेतन मेहता

त्योहारों के सीजन से पहले दूध और दूध से बने उत्पादों में मिलावट की शिकायतों को देखते हुए हेल्थ विभाग की टीम ने नाभा शहर में डेयरियों और दूध से जुड़े कारोबारियों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. गुरप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम ने विभिन्न डेयरियों पर छापेमारी कर दूध, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों के सैंपल लिए।

फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. गुरप्रीत कौर ने आशु डेयरी और महेश गेट स्थित नए फोकल प्वाइंट की डेयरी समेत अन्य स्थानों पर जांच की। बताया गया कि कुछ दिन पहले हेल्थ विभाग की टीम ने कुछ ऐसी दुकानों पर भी रेड की थी, जो उस समय बंद मिली थीं। इसके बाद विभाग की टीम ने दोबारा इन इलाकों में निगरानी और चेकिंग शुरू की।

डॉ. गुरप्रीत कौर ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि दूध और दूध से बने उत्पादों में किसी भी तरह की मिलावट बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाना जरूरी है। मिलावट पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ फूड सेफ्टी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि अगर कोई दुकानदार चेकिंग के दौरान दुकान बंद कर देता है तो इससे वह विभाग की कार्रवाई से बच नहीं सकता। विभाग की टीमें लगातार अलग-अलग समय पर चेकिंग करेंगी और अगली कार्रवाई किसी भी दुकान पर हो सकती है।

डॉ. गुरप्रीत कौर ने बताया कि पटियाला की टीम द्वारा पिछले दिनों बड़ी मात्रा में पनीर और दूध जब्त किया गया था। उन्होंने कहा कि लैब रिपोर्ट के बाद खराब पाए गए खाद्य पदार्थों को नष्ट किया गया। विभाग की ओर से आने वाले त्योहारों को देखते हुए मिठाई की दुकानों, डेयरियों, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

सभी फूड वेंडरों को अपना लाइसेंस या रजिस्ट्रेशन करवाने, कर्मचारियों की मेडिकल जांच करवाने, साफ-सफाई बनाए रखने और नियमित पेस्ट कंट्रोल करवाने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि बिना एक्सपायरी डेट, खराब गुणवत्ता या नकली खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डॉ. गुरप्रीत कौर के मुताबिक यह चेकिंग अभियान केवल नाभा तक सीमित नहीं रहेगा। नाभा, राजपुरा, समाना और पूरे पटियाला जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *