Ludhiana Jail : NHRC स्पेशल मॉनिटर ने सेंट्रल, बोरस्टल और महिला जेल का किया दौरा
NHRC स्पेशल मॉनिटर बाल कृष्ण गोयल ने लुधियाना की सेंट्रल, बोरस्टल और महिला जेल का दौरा किया। कैदियों की शिकायतों के लिए कंप्लेंट रजिस्टर और खाने की गुणवत्ता सुधारने का सुझाव दिया।
लुधियाना / सत्ता संदेश
नेशनल ह्यूमन राइट्स कमीशन (NHRC) के स्पेशल मॉनिटर बाल कृष्ण गोयल ने अपने निर्धारित दौरा कार्यक्रम के तहत लुधियाना की सेंट्रल जेल, बोरस्टल जेल और महिला जेल का दौरा किया। इस दौरान जिला सोशल सिक्योरिटी ऑफिसर वरिंदर सिंह टिवाना, जिला चाइल्ड प्रोटेक्शन ऑफिसर रश्मि और जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
दौरे के दौरान स्पेशल मॉनिटर ने तीनों जेलों में कैदियों के लिए उपलब्ध खाने-पीने की सुविधाओं का जायजा लिया और जेल सुपरिटेंडेंट के साथ बैठक कर कैदियों की समस्याओं और सुविधाओं को लेकर चर्चा की।
बाल कृष्ण गोयल ने जेल प्रशासन को जेलों में छोटे-छोटे सुधार लगातार करते रहने और खाने की गुणवत्ता को और बेहतर करने पर जोर दिया। उन्होंने बोरस्टल जेल में रह रहे बच्चों के लिए स्किल डेवलपमेंट कोर्स करवाने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने महिला जेल में बंद महिलाओं के लिए अचार बनाने, मेहंदी लगाने सहित विभिन्न तरह की वोकेशनल ट्रेनिंग उपलब्ध करवाने का सुझाव दिया, ताकि जेल से बाहर आने के बाद वे इन हुनरों के जरिए अपना काम शुरू कर सकें।

स्पेशल मॉनिटर ने कैदियों से मुलाकात और उनकी जमानत से संबंधित मामलों में होने वाली संभावित देरी को लेकर भी जानकारी ली। उन्होंने जेल प्रशासन को ऐसी छोटी-मोटी समस्याओं का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जेल प्रशासन को सुझाव दिया कि कैदियों की शिकायतों और समस्याओं को दर्ज करने के लिए हर महीने जेल में एक ‘कंप्लेंट रजिस्टर’ उपलब्ध करवाया जाए। कैदियों को अपनी शिकायतें और दिक्कतें इस रजिस्टर में दर्ज करवाने की सुविधा देने की बात कही गई।
दौरे के बाद बाल कृष्ण गोयल ने दोराहा स्थित चिल्ड्रन होम का भी दौरा किया और वहां बच्चों की काउंसलिंग की। इसके अलावा दोराहा के हेवनली पैलेस स्थित ओल्ड एज होम पहुंचकर बुजुर्गों का हालचाल जाना। उन्होंने स्थानीय स्टाफ से मुलाकात की और वहां उपलब्ध खाने-पीने की सुविधाओं का भी जायजा लिया।

