ब्रेकिंग न्यूज़
छठ से पहले बड़ी मांग! पानीपत में ट्रेनों के ठहराव और स्पेशल ट्रेनों की आवाज तेज

हरियाणा / पानीपत / सत्ता संदेश

पानीपत रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पूर्वांचल समाज के लोगों का अनशन और धरना लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा। रविवार को समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. ओमवीर सिंह पंवार धरना स्थल पर पहुंचे और आंदोलन कर रहे लोगों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।

डॉ. ओमवीर सिंह पंवार ने कहा कि पानीपत में पूर्वांचल और बिहार से बड़ी संख्या में लोग आकर रहते हैं। ऐसे में यात्रियों की सुविधा और आवागमन को ध्यान में रखते हुए पानीपत रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों को शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से उठाना लोगों का अधिकार है और सरकार को इन मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए।

उन्होंने केंद्र सरकार और केंद्रीय रेल मंत्री से मांग की कि पानीपत रेलवे स्टेशन पर जरूरी ट्रेनों के ठहराव को जल्द मंजूरी दी जाए। इसके साथ ही आगामी छठ पूजा को देखते हुए पूर्वांचल और बिहार जाने वाले यात्रियों की बढ़ती संख्या के मद्देनजर पानीपत से बिहार तथा पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के लिए छठ पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएं।

डॉ. पंवार ने कहा कि छठ पूजा केवल एक पर्व नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था और भावनाओं से जुड़ा महापर्व है। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग अपने घरों और गांवों की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के लिए पर्याप्त रेल व्यवस्था सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि वह पूर्वांचल समाज की जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और जब तक इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक जनहित से जुड़े इस मुद्दे को उचित मंचों पर उठाते रहेंगे।

धरने के दौरान पानीपत ग्रामीण मोर्चा के अध्यक्ष सतपाल राणा, बलदेव अरोड़ा, सत्यपाल नरवाल सहित पूर्वांचल समाज के बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *