ब्रेकिंग न्यूज़
माछीवाड़ा मंडी में सड़े सेब और बदरंग अनार की बिक्री, स्वास्थ्य को लेकर उठे सवाल

माछीवाड़ा सब्जी मंडी में 20 रुपये किलो सेब और 25 रुपये किलो अनार की बिक्री के दौरान कई फल सड़े और बदरंग मिले। स्वास्थ्य विभाग ने जांच और कार्रवाई की बात कही।

माछीवाड़ा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा की सब्जी मंडी में बेहद कम कीमत पर सड़े-गले सेब और बदरंग अनार की बिक्री का मामला सामने आया है। इसी मंडी से माछीवाड़ा शहर के अलावा आसपास के गांवों में भी फल और सब्जियों की सप्लाई होती है। ऐसे में खराब फलों की बिक्री को लेकर लोगों के स्वास्थ्य पर सवाल खड़े हो गए हैं।

मंडी में जायजा लेने पर हिमाचल प्रदेश से आई सेब और अनार की कई पेटियां बिक्री के लिए रखी मिलीं। इनमें कई सेब सड़े हुए नजर आए, जबकि कुछ अनार का रंग भी बदला हुआ था। हैरानी की बात यह रही कि मंडी में सेब महज 20 रुपये किलो और अनार करीब 25 रुपये किलो के भाव पर बेचे जा रहे थे।

मंडी में मौजूद आढ़तियों के मुताबिक हिमाचल प्रदेश के किसान अच्छे फलों की छंटाई कर उन्हें अलग पेटियों में रखते हैं, जबकि खराब, दागी या कम गुणवत्ता वाले फलों को अलग करके कम कीमत पर मंडियों में भेजा जाता है। आढ़तियों ने बताया कि कम कीमत में मिलने वाले ऐसे फल अक्सर गांवों में फेरी लगाकर फल बेचने वाले विक्रेता खरीदकर ले जाते हैं।

कुछ आढ़तियों का कहना था कि कई लोग सड़े हुए सेब का खराब हिस्सा काटकर बाकी फल इस्तेमाल कर लेते हैं। वहीं, खराब अनार को जूस की रेहड़ियां लगाने वाले खरीदकर दूसरे फलों के साथ मिलाकर इस्तेमाल करते हैं। हालांकि, ऐसे फलों के सेवन से स्वास्थ्य पर क्या असर पड़ सकता है, यह खाद्य सुरक्षा और स्वास्थ्य अधिकारियों की जांच का विषय है।

मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की निगरानी और कार्रवाई को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। सड़े-गले फलों की तस्वीरें दिखाए जाने पर माछीवाड़ा के एसएमओ डॉ. लखविंदर सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीम सब्जी मंडी में जाकर बिक्री हो रहे फलों की जांच करेगी। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी प्रकार की लापरवाही या नियमों का उल्लंघन पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

अब देखना होगा कि स्वास्थ्य विभाग की जांच में मंडी में बिक रहे इन फलों की गुणवत्ता को लेकर क्या स्थिति सामने आती है और खराब फल बेचने वालों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *