ब्रेकिंग न्यूज़
28 से 30 सितंबर तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित, 25 सितंबर तक निपटा लें जरूरी काम

26-27 सितंबर को साप्ताहिक अवकाश के चलते लगातार पांच दिन प्रभावित हो सकता है बैंकिंग कामकाज; SLBC पंजाब ने ग्राहकों को दी सलाह

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

बैंक ग्राहकों के लिए सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) की ओर से 28 से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय बैंक हड़ताल प्रस्तावित की गई है। इससे पहले 26 और 27 सितंबर को शनिवार और रविवार का साप्ताहिक अवकाश रहेगा।

ऐसे में बैंक शाखाओं का नियमित कामकाज लगातार कई दिनों तक प्रभावित होने की संभावना है। स्टेट लेवल बैंकर्स कमेटी (SLBC), पंजाब ने ग्राहकों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपने जरूरी बैंकिंग कार्य 25 सितंबर 2026 तक पूरे कर लें।

SLBC के अनुसार, प्रस्तावित हड़ताल के दौरान बैंक शाखाओं की सेवाओं पर असर पड़ सकता है। ऐसे में ग्राहकों को नकदी निकासी और अन्य जरूरी बैंकिंग कार्यों के लिए डिजिटल और वैकल्पिक बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

ग्राहक जरूरत के अनुसार एटीएम, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, UPI, BC एजेंट/कस्टमर सर्विस सेंटर (CSP) समेत अन्य डिजिटल बैंकिंग माध्यमों का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बैंकों की ओर से ग्राहकों को जरूरी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं किए जाने की बात कही गई है, लेकिन हड़ताल की स्थिति में शाखा स्तर पर होने वाले काम प्रभावित हो सकते हैं।

भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की ओर से भी ग्राहकों को महत्वपूर्ण शाखा-संबंधी कार्य पहले ही निपटाने और जरूरत के अनुसार डिजिटल बैंकिंग सेवाओं का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

ग्राहकों को सलाह दी गई है कि वे बैंक शाखा से जुड़े ऐसे काम, जिनमें व्यक्तिगत रूप से शाखा जाना जरूरी है, उन्हें निर्धारित तारीख से पहले पूरा कर लें, ताकि प्रस्तावित हड़ताल के दौरान किसी तरह की परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *