लुधियाना : शादी समारोह के दौरान दुल्हन की मां का पर्स चोरी, CCTV में कैद हुई वारदात
लुधियाना / सत्ता संदेश
हैबोवाल के चंद्र नगर स्थित मल्ल्ली फार्म्स में शादी समारोह के दौरान दुल्हन की मां का पर्स चोरी होने का मामला सामने आया है। जयमाला की रस्म के बाद परिवार फोटो खिंचवाने में व्यस्त था। इसी दौरान नीचे रखा पर्स एक युवक उठाकर फरार हो गया। चोरी की पूरी वारदात मैरिज पैलेस में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।
घुमार मंडी निवासी बुट्टा राम ने बताया कि उनकी बेटी अलका की शादी 14 सितंबर को चंद्र नगर स्थित मल्ल्ली फार्म्स में थी। रात करीब 11:30 बजे जयमाला की रस्म के बाद पूरा परिवार स्टेज के पास फोटो खिंचवा रहा था। इसी दौरान उनकी पत्नी नीतू ने हाथ में पकड़ा पर्स नीचे रख दिया और परिवार के साथ फोटो खिंचवाने लगीं।
फोटो खिंचवाने के बाद जब नीतू ने पर्स उठाने के लिए देखा तो वह वहां नहीं था। परिवार ने आसपास तलाश की और शोर मचाया। इसके बाद मैरिज पैलेस प्रबंधन को घटना की जानकारी दी गई।
परिजनों ने पैलेस के गेट बंद करवाकर CCTV फुटेज खंगालनी शुरू की। फुटेज में दो युवक काफी देर से स्टेज के आसपास घूमते दिखाई दिए। मौका मिलते ही उनमें से एक युवक ने नीचे रखा पर्स उठाया और अपने साथी के साथ पैलेस से बाहर निकल गया। पूरी वारदात CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई।
परिजनों के मुताबिक पर्स में करीब 15 हजार रुपए नकद, रिश्तेदारों और अन्य लोगों की ओर से दिए गए शगुन के पैसे, करीब 3 लाख रुपए कीमत का सोने का किटी सेट, चांदी के बिछुए और दो चांदी के कड़े थे।
CCTV के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
मामले की सूचना पुलिस को दी गई है। जगतपुरी चौकी पुलिस CCTV फुटेज के आधार पर पर्स लेकर फरार हुए युवक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस शादी समारोह में मौजूद लोगों के अलावा आसपास लगे अन्य CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
थाना हैबोवाल पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ BNS की धारा 305 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

