ब्रेकिंग न्यूज़
माछीवाड़ा : बंद कमरे से राजमिस्त्री का खून से लथपथ शव बरामद, हत्या या हादसे की जांच

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

माछीवाड़ा साहिब के स्थानीय सरकारी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल के पास एक बंद कमरे से करीब 50 वर्षीय राजमिस्त्री चरणजीत सिंह उर्फ बिल्ला का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था, जबकि कमरे से बाहर तक खून के निशान दिखाई दे रहे थे।

जानकारी के अनुसार, चरणजीत सिंह माछीवाड़ा शहर में अपने परिवार से अलग किराए के कमरे में रह रहा था। बताया जा रहा है कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास के लोगों ने जब कमरे से बाहर खून निकलता देखा तो पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद थाना प्रभारी करमजीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। दरवाजा तोड़कर पुलिस टीम अंदर दाखिल हुई तो चरणजीत सिंह खून से लथपथ हालत में मृत मिला। पुलिस के अनुसार, शव से दुर्गंध आ रही थी और प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत हो रहा था कि मौत करीब दो से तीन दिन पहले हुई होगी।

पुलिस को मृतक के सिर के पीछे चोट के निशान मिले हैं, जबकि चेहरे पर भी चोट दिखाई दी। इन परिस्थितियों के चलते मौत को लेकर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

पुलिस ने मृतक के परिवार को सूचना दी। मृतक की पत्नी जसप्रीत कौर ने बताया कि चरणजीत सिंह शराब पीने का आदी था और करीब चार वर्षों से परिवार से अलग रह रहा था।

फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी करमजीत सिंह के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। पुलिस फिलहाल कमरे में गिरने से हुए हादसे और हत्या, दोनों पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *