ब्रेकिंग न्यूज़
नाईपर मोहाली में नए छात्रों का स्वागत, मास्टर्स, MBA और PhD विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित

नाईपर (NIPER) एस.ए.एस. नगर में मास्टर्स, MBA और PhD के नए विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। निदेशक प्रो. दुलाल पांडा ने दो नए कोर्स शुरू होने और शानदार प्लेसमेंट रिकॉर्ड की जानकारी दी।

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाईपर), एस.ए.एस. नगर में सोमवार को मास्टर्स, MBA और PhD के नए प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक व्यवस्था, प्रशासनिक प्रक्रियाओं, छात्रावास, स्वास्थ्य सुविधाओं और विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली से अवगत कराना था।

कार्यक्रम की शुरुआत नाईपर के निदेशक प्रो. दुलाल पांडा के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को देश के सबसे पुराने नाईपर में प्रवेश मिलने पर बधाई देते हुए संस्थान को अपना “ड्रीम होम” मानकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि नाईपर, एस.ए.एस. नगर का प्लेसमेंट रिकॉर्ड लगातार उत्कृष्ट रहा है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि इस शैक्षणिक सत्र से संस्थान में मास्टर्स इन बायोफार्मास्यूटिकल्स और मास्टर्स इन फार्मास्यूटिकल रेगुलेटरी साइंसेज़ नामक दो नए पाठ्यक्रम भी शुरू किए गए हैं।

नाईपर के डीन प्रो. के.बी. टिक्कू ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कठिन परिश्रम के बाद उन्हें देश के प्रतिष्ठित संस्थान में प्रवेश मिला है। उन्होंने छात्रों को फार्मेसी की विभिन्न विधाओं में व्यापक ज्ञान प्राप्त करने तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में बहु-विषयक सीखने पर जोर दिया। इस दौरान उन्होंने संस्थान के सभी एसोसिएट डीन का परिचय भी कराया।

एसोसिएट डीन (अकादमिक) प्रो. इप्सिता रॉय ने विद्यार्थियों का संकाय सदस्यों और प्रमुख प्रशासनिक अधिकारियों से परिचय कराया।

इसके बाद प्रो. अनुपमा मित्तल, प्रभारी अकादमिक एवं परीक्षा अनुभाग, ने परीक्षा प्रणाली, नीतियों और प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2026 में कुल 295 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया है, जिनमें 191 मास्टर्स, 62 MBA और 42 PhD के विद्यार्थी शामिल हैं।

मुख्य वार्डन प्रो. प्रवीण के. शेंडे ने छात्रावास की व्यवस्था से विद्यार्थियों को अवगत कराया और सभी वार्डनों व सहायक कर्मचारियों का परिचय कराया।

लेफ्टिनेंट कर्नल (डॉ.) गुरजीत सिद्धू, कंसल्टेंट मेडिकल ऑफिसर, ने संस्थान में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य, तनाव या मानसिक चिंता होने पर बेझिझक संपर्क करने की अपील की। उन्होंने स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. मधु तुली का परिचय भी कराया और उनके संस्थान में उपलब्ध रहने का समय बताया।

कार्यक्रम के अंत में प्रो. जी.बी. जेना ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इसके बाद विद्यार्थियों के लिए विभिन्न विभागों में विभागीय ओरिएंटेशन सत्र आयोजित किए गए, ताकि वे अपने-अपने विषयों और शोध कार्यों से संबंधित विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *