ब्रेकिंग न्यूज़
जालंधर कैंट में देर रात गोलियां चलने से दहशत, CCTV में कैद हुआ हंगामा; पुलिस ने आरोपियों की पहचान की

जालंधर / सत्ता संदेश

जालंधर कैंट के मोहल्ला नंबर 30 में देर रात गोली चलने की घटना सामने आने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बड़ी संख्या में युवक दोपहिया वाहनों पर पहुंचते और हंगामा करते नजर आ रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे 30 से 35 युवक दोपहिया वाहनों पर सवार होकर कैंट के मोहल्ला नंबर 30 में पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने गाली-गलौज करते हुए गोलियां चलाईं। पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई।

CCTV फुटेज में कथित तौर पर हमलावरों को तेजधार हथियारों के साथ देखा जा सकता है। घटना के दौरान करीब 12 मिनट तक हंगामा हुआ। गोली लगने से एक कार और दो एक्टिवा क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति के गोली लगने की सूचना नहीं है।

सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। ADCP माधवी शर्मा के अनुसार, पुलिस को रात करीब 11 बजे से 12 बजे के बीच कैंटोनमेंट थाना क्षेत्र में हाथापाई के दौरान गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, घटना एक ही इलाके में रहने वाले लोगों या उनके परिचितों के बीच हुई झड़प से जुड़ी बताई जा रही है। पुलिस ने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें नामजद कर लिया है। ADCP ने बताया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं और जांच पूरी होने के बाद कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *