ब्रेकिंग न्यूज़
Sahnewal Drone Show: 500 ड्रोन से आसमान में दिखा गुरु रविदास जी का जीवन और संदेश

साहनेवाल में गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित 500 ड्रोन शो आयोजित हुआ। आसमान में गुरु जी के जीवन, दर्शन और बराबरी व मानवता के संदेश को प्रदर्शित किया गया।

लुधियाना / सत्ता संदेश

श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार की ओर से शुक्रवार शाम साहनेवाल के गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्मार्ट स्कूल (बॉयज) के ग्राउंड में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया। 500 ड्रोन की मदद से आसमान में गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से जुड़े विभिन्न दृश्य प्रस्तुत किए गए, जिन्हें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ देखा।

ड्रोन शो के दौरान तकनीक और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम देखने को मिला। आसमान में ड्रोन के माध्यम से गुरु रविदास जी के बराबरी, भाईचारे, दया, सामाजिक न्याय और मानवीय गरिमा के संदेश को प्रदर्शित किया गया। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे आसमान ने मौके पर मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंजाब के कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने कहा कि यह ड्रोन शो श्री गुरु रविदास जी को श्रद्धांजलि देने के साथ-साथ उनकी शिक्षाओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की एक अनोखी पहल है। उन्होंने कहा कि यह केवल मनोरंजन के लिए आयोजित शो नहीं है, बल्कि गुरु रविदास जी के बराबरी और मानव सम्मान के संदेश को प्रभावशाली तरीके से प्रस्तुत करने का माध्यम है।

मंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा के साथ मना रही है। उन्होंने बताया कि इसके तहत राज्यभर में 92 ड्रोन शो आयोजित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य युवा पीढ़ी को गुरु रविदास जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं से परिचित करवाना है।

उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व समारोहों के लिए पंजाब सरकार की ओर से 100 करोड़ रुपये रिजर्व किए गए हैं। इसके अलावा गुरु रविदास जी के जीवन और शिक्षाओं पर आधारित डॉक्यूमेंट्री शो 13,000 गांवों में दिखाए जा रहे हैं। शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों के लिए सेमिनार भी आयोजित किए जा रहे हैं।

हरदीप सिंह मुंडियां ने संगत से अपील की कि गुरु रविदास जी के ऐतिहासिक प्रकाश पर्व को श्रद्धा और एकता के साथ मनाया जाए तथा उनके सार्वभौमिक संदेश को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए।

कार्यक्रम के दौरान गुरुद्वारा श्री रेरू साहिब पातशाही दसवीं नंदपुर, साहनेवाल के हजूरी रागी भाई दिलबर सिंह ने कीर्तन किया। वहीं गुरुद्वारा टिब्बी साहिब, बाघोर वालिया से जुड़े बाबा बेअंत सिंह ने रूहानी शब्दों के माध्यम से संगत को गुरु साहिब की शिक्षाओं से जुड़ने का संदेश दिया।

गौरतलब है कि साहनेवाल के बाद 19 सितंबर को PAU लुधियाना के एथलेटिक/फुटबॉल ग्राउंड, 20 सितंबर को दाखा स्कूल ग्राउंड, 21 सितंबर को अनाज मंडी रायकोट और 22 सितंबर को नई अनाज मंडी जगराओं में ड्रोन शो आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर लुधियाना ईस्ट की सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट जसलीन कौर भुल्लर सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *