IIT रोपड़ और आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज में MoU, सेना अधिकारियों को मिलेगी डिफेंस टेक्नोलॉजी में MTech डिग्री
रोपड़ / सत्ता संदेश
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ (IIT Ropar) और आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज, गोपालपुर के बीच भारतीय सेना के अधिकारियों को डिफेंस टेक्नोलॉजी में मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (MTech) की डिग्री प्रदान करने के लिए समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इस समझौते से लॉन्ग एयर डिफेंस कोर्स कर रहे सेना अधिकारियों को उच्च तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान का अवसर मिलेगा।
समझौते पर आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा और आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज, गोपालपुर के कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अमित राव ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर लेफ्टिनेंट जनरल सुरिंदर सिंह महल, प्रबंध निदेशक, आईआईटी रोपड़ डिफेंस रिसर्च एंड इनोवेशन फाउंडेशन और ब्रिगेडियर रोहित दास भी उपस्थित रहे।
इस समझौते का समन्वय आईआईटी रोपड़ के डीन (पीजी एंड रिसर्च) डॉ. सारंग गुमफेकर और डीआरआईएफ के निदेशक वीरभद्र सिंह रावत ने किया।
समझौते के तहत आर्मी एयर डिफेंस कॉलेज, गोपालपुर में लॉन्ग एयर डिफेंस कोर्स कर रहे अधिकारियों को आईआईटी रोपड़ के एमटेक कार्यक्रम के माध्यम से डिफेंस टेक्नोलॉजी में औपचारिक शैक्षणिक मान्यता प्रदान की जाएगी। आईआईटी रोपड़ के संकाय सदस्य अधिकारियों के शोध प्रबंध और अनुसंधान परियोजनाओं के लिए मेंटर के रूप में मार्गदर्शन करेंगे।
इसके अलावा, पूर्व अनुमति के अधीन सेना अधिकारियों को आईआईटी रोपड़ की प्रयोगशालाओं और अन्य बुनियादी ढांचे का उपयोग करने का अवसर भी मिलेगा। संस्थान के विशेषज्ञों की ओर से ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यमों से सेमिनार और व्याख्यान भी आयोजित किए जाएंगे।
दोनों संस्थानों ने आपसी हित वाले क्षेत्रों में तकनीकी ज्ञान और अनुसंधान को संयुक्त रूप से आगे बढ़ाने पर भी सहमति जताई है। इससे भारतीय सेना और आईआईटी रोपड़ के बीच शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
दिसंबर 2022 के समझौते पर आधारित है नई साझेदारी
यह नया समझौता दिसंबर 2022 में आर्मी ट्रेनिंग कमांड, इंटीग्रेटेड हेडक्वार्टर्स ऑफ मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस (आर्मी) और आईआईटी रोपड़ के बीच हुए शैक्षणिक एवं अनुसंधान सहयोग के समझौता ज्ञापन की नींव पर आधारित है।
आईआईटी रोपड़ के अनुसार, दिसंबर 2022 में हुए समझौते के बाद से संस्थान भारतीय सेना के साथ शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में लगातार सहयोग कर रहा है। आईआईटी रोपड़ का डिफेंस रिसर्च एंड इनोवेशन फाउंडेशन (DRIF) इस साझेदारी को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
राष्ट्रीय रक्षा से जुड़े अधिकारियों की तकनीकी शिक्षा को मिलेगा बढ़ावा
समझौते पर हस्ताक्षर के अवसर पर आईआईटी रोपड़ के निदेशक प्रो. राजीव आहूजा ने कहा कि यह समझौता भारतीय सेना के साथ संस्थान के निरंतर जुड़ाव में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि आईआईटी रोपड़ के संकाय और बुनियादी ढांचे अब सीधे उन अधिकारियों की तकनीकी शिक्षा में योगदान दे रहे हैं जो देश की राष्ट्रीय रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने आने वाले वर्षों में इस सहयोग को और व्यापक तथा मजबूत बनाने की उम्मीद जताई।
इस पहल से सेना के अधिकारियों को रक्षा प्रौद्योगिकी, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में उच्च शिक्षा हासिल करने का अवसर मिलेगा। साथ ही आईआईटी रोपड़ और भारतीय सेना के बीच तकनीकी विशेषज्ञता एवं अनुसंधान के आदान-प्रदान को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

