ब्रेकिंग न्यूज़
Ludhiana : किसान के घर आधी रात चोरी, पति-पत्नी को कमरे में किया बंद; 12 लाख से ज्यादा के गहने ले उड़े चोर

लुधियाना / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

लुधियाना के थाना कूमकलां के अंतर्गत गांव बौंकड़ां में चोरों ने आधी रात एक किसान के घर को निशाना बनाया। चोर घर में दाखिल होकर सोने-चांदी के लाखों रुपये के गहने चोरी कर ले गए। वारदात के दौरान चोरों ने कमरे में सो रहे किसान और उसकी पत्नी के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी। चोरी की पूरी घटना घर के आसपास लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई है।

स्टोर की ग्रिल तोड़कर घर में दाखिल हुए चोर

गांव बौंकड़ां निवासी किसान निर्मल सिंह ने बताया कि उनका घर खेतों में बना हुआ है। उनके बच्चे विदेश में रहते हैं और वह अपनी पत्नी के साथ घर में रहते हैं।

निर्मल सिंह के मुताबिक, बीती रात वह और उनकी पत्नी कमरे में सो रहे थे। कमरे में AC चल रहा था। रात करीब 1 बजे के बाद चोर घर के साथ बने स्टोर की ग्रिल तोड़कर अंदर दाखिल हुए।

घर में घुसने के बाद चोरों ने सबसे पहले जिस कमरे में पति-पत्नी सो रहे थे, उसके दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी। इसके बाद उन्होंने स्टोर में रखी पेटी को खंगाला और उसमें रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए।

5-6 तोले सोना और 12-15 तोले चांदी चोरी

किसान के अनुसार चोर पेटी में रखे करीब 5 से 6 तोले सोने और 12 से 15 तोले चांदी के गहने लेकर फरार हो गए। चोरी किए गए गहनों की कुल कीमत 12 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।

सुबह जब निर्मल सिंह और उनकी पत्नी की आंख खुली तो उन्होंने कमरे का दरवाजा खोलने की कोशिश की। इस दौरान उन्हें पता चला कि दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगी हुई थी। काफी मशक्कत के बाद निर्मल सिंह ने कुंडी तोड़ी और दोनों कमरे से बाहर निकले।

इसके बाद जब उन्होंने घर के साथ बने स्टोर में जाकर देखा तो वहां सामान बिखरा पड़ा था और पेटी में रखे सोने-चांदी के गहने गायब थे।

CCTV फुटेज के आधार पर जांच

घटना की जानकारी तुरंत कूमकलां पुलिस को दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने घर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

CCTV फुटेज में चोरों के घर में दाखिल होने की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी हुई है।

फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और चोरों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *