ब्रेकिंग न्यूज़
फिरोजपुर में 80वें आजादी दिवस पर CM मान ने फहराया तिरंगा, महिलाओं की आर्थिक आजादी पर जोर

फिरोजपुर में 80वें आजादी दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में CM भगवंत मान ने तिरंगा फहराया। मावां-धीयां योजना, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और नशे के खिलाफ कार्रवाई की उपलब्धियां गिनाईं।

फिरोजपुर / सत्ता संदेश

80वें आजादी दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने फिरोजपुर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान उन्होंने पंजाब के विकास से जुड़ी उपलब्धियां गिनाईं और वर्ष 2026 को पंजाब की महिलाओं के लिए आर्थिक आजादी और सशक्तीकरण का साल बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं, युवाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और कृषि समेत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार काम कर रही है। उन्होंने मावां-धीयां सत्कार योजना का जिक्र करते हुए बताया कि योजना के तहत 74.59 लाख महिलाओं का पंजीकरण हुआ है, जबकि 65.62 लाख महिलाओं के खातों में 2,274 करोड़ रुपये से अधिक की सम्मान राशि पहुंचाई जा चुकी है।

69 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब सरकार ने अब तक मेरिट के आधार पर 69 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी हैं। उन्होंने इसे युवाओं को रोजगार देने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्धियों का दावा

मुख्यमंत्री ने सरकारी स्कूलों में शिक्षा के स्तर में सुधार का दावा करते हुए कहा कि सरकारी स्कूलों के 882 विद्यार्थियों ने NEET और 361 विद्यार्थियों ने JEE Main परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि पंजाब शिक्षा के क्षेत्र में देश में शीर्ष स्थान पर पहुंचा है।

मान ने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु लाभान्वित हुए हैं। वहीं, स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश में 1,090 आम आदमी क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं।

नशे के खिलाफ कार्रवाई का भी किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने पंजाब में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि इस अभियान के तहत 56 हजार से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं और 75 हजार से ज्यादा तस्करों को जेल भेजा गया है।

उन्होंने सिंचाई व्यवस्था को लेकर कहा कि पंजाब के 80 फीसदी से अधिक रकबे को नहर सिंचाई का पानी मिल रहा है।

पंजाब की शांति और भाईचारे को लेकर चेतावनी

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब की शांति और भाईचारे को नुकसान पहुंचाने वाली ताकतों को चेतावनी देते हुए कहा कि प्रदेश में नफरत के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने लोगों से आपसी भाईचारा और एकता बनाए रखने की अपील की।

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव समेत स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार शहीदों के सपनों के अनुरूप ‘रंगला पंजाब’ बनाने के लिए काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *