ब्रेकिंग न्यूज़
होटल में प्रेमी जोड़े के शव मिलने से सनसनी, हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका

खन्ना / सत्ता संदेश

पंजाब के खन्ना शहर में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब जीटी रोड स्थित ग्रीनलैंड होटल के एक कमरे में एक प्रेमी जोड़ा मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारकर उसकी हत्या की और उसके बाद खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से 9 एमएम का एक हथियार और उसकी दो मैगजीन बरामद की हैं। फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के सही कारणों और घटनाक्रम की पुष्टि हो सकेगी। जानकारी के अनुसार, दोनों बुधवार तड़के करीब ढाई से 3 बजे के बीच होटल पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि उनके साथ खन्ना का एक युवक भी था, जिसने होटल प्रबंधन से सिफारिश कर उन्हें कमरा दिलवाया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि होटल प्रबंधन ने नियमों की अनदेखी करते हुए न तो दोनों के नाम होटल रजिस्टर में दर्ज किए और न ही उनसे कोई पहचान पत्र या आधार कार्ड लिया। पुलिस होटल प्रबंधन की इस लापरवाही की भी गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि सुरक्षा नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

डीएसपी विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके। खन्‍ना से परमिंदर वर्मा की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *