Ludhiana : ननकाना साहिब पब्लिक स्कूल में मिल्क अवेयरनेस कैंप, 58 दूध सैंपल की जांच
लुधियाना / सत्ता संदेश
डेयरी उपभोक्ताओं को शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और स्वच्छ दूध के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पंजाब डेयरी डेवलपमेंट विभाग की ओर से ननकाना साहिब पब्लिक स्कूल, समराला में मिल्क कंज्यूमर अवेयरनेस (स्कूल) कैंप आयोजित किया गया। यह कैंप डायरेक्टर डेयरी डेवलपमेंट डिपार्टमेंट पंजाब वरयाम सिंह गिल के निर्देशों पर डिप्टी डायरेक्टर डेयरी डेवलपमेंट, लुधियाना के नेतृत्व में लगाया गया।
कैंप के दौरान विद्यार्थियों को दूध और दूध से बने उत्पादों के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही स्वस्थ आहार अपनाने, जंक फूड और कोल्ड ड्रिंक्स से दूरी बनाए रखने तथा करियर से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी विद्यार्थियों के साथ साझा की गई।
58 दूध के सैंपल किए गए टेस्ट
कैंप में विद्यार्थियों और शिक्षकों की ओर से लाए गए कुल 58 दूध के सैंपल की जांच की गई। इनमें से 43 सैंपल निर्धारित मानकों के अनुसार पाए गए, जबकि 15 सैंपल मानकों से कम पाए गए।
विभाग के अनुसार, जांच किए गए किसी भी दूध के सैंपल में हानिकारक तत्व नहीं पाए गए। अधिकारियों ने दूध की गुणवत्ता और शुद्धता को लेकर उपभोक्ताओं को जागरूक रहने की सलाह दी।
विद्यार्थियों को स्वस्थ खान-पान की दी जानकारी
कैंप के दौरान डेयरी डेवलपमेंट इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह, अंकित कपूर और अनुरागदीप कौर ने विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों से संबंधित जानकारी दी। KVK, PAU की असिस्टेंट प्रोफेसर सुखदीप कौर ने भी विद्यार्थियों को विशेष व्याख्यान दिया।
स्कूल प्रिंसिपल ने विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कैंप विद्यार्थियों में स्वस्थ खान-पान की आदतें विकसित करने और उन्हें अपने भविष्य को लेकर जागरूक करने में उपयोगी साबित होते हैं।
क्विज प्रतियोगिता के विजेताओं को दिए पुरस्कार
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के इंचार्ज को प्रशंसा स्वरूप टोकन प्रदान किया गया। विद्यार्थियों के लिए “मिल्क पियो और बर्फी” नाम से रिफ्रेशमेंट भी दिया गया।
इसके अलावा विभाग की ओर से आयोजित क्विज प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के माध्यम से दूध की गुणवत्ता, पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता को और मजबूत करना रहा।

