ब्रेकिंग न्यूज़
Machhiwara : पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 2 गिरफ्तार; 55 ग्राम हेरोइन बरामद

माछीवाड़ा साहिब / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : जसबीर सिंह अलबेला

नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत माछीवाड़ा पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से कुल 55 ग्राम हेरोइन बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामले दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को देखकर कार मोड़ने लगा आरोपी

थाना प्रभारी चरणजीत सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि सब-इंस्पेक्टर परशोत्तम लाल पुलिस पार्टी के साथ इलाके में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव अढ़ियाना की तरफ से एक कार आती दिखाई दी।

पुलिस के मुताबिक, पुलिस पार्टी को देखकर कार चालक ने अचानक संदिग्ध तरीके से कार वापस मोड़ने का प्रयास किया। पुलिस ने कार चालक को काबू कर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने आरोपी की पहचान माछीवाड़ा निवासी हरदीप सिंह उर्फ गुल्लू के रूप में बताई है। थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से 7 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपी जमानत पर जेल से बाहर आया था और इसके बाद कथित तौर पर दोबारा नशे की बिक्री में शामिल हो गया।

महिला से 20 ग्राम हेरोइन बरामद

वहीं, दूसरे मामले में सहायक थानेदार सुखविंदर सिंह पुलिस पार्टी के साथ गांव हियातपुर के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने शक के आधार पर एक महिला को रोककर उसकी तलाशी ली।

पुलिस के अनुसार महिला ने अपना नाम बलजिंदर कौर निवासी कोटाला बेट बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक बलजिंदर कौर के खिलाफ पहले से 2 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

नशे की सप्लाई नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

माछीवाड़ा पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के जरिए हेरोइन की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क से कौन-कौन लोग जुड़े हैं, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस ने दोनों मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *