ब्रेकिंग न्यूज़
Moga Farmers Protest: बिजली कटौती से भड़के किसान, लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे 4 घंटे जाम

मोगा में बिजली कटौती से परेशान 10 गांवों के किसानों ने अजीतवाल पावर ग्रिड के सामने लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे जाम कर 4 घंटे धरना दिया। किसानों ने पर्याप्त बिजली नहीं मिलने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी।

मोगा / सत्ता संदेश

पंजाब के मोगा जिले में बिजली कटौती से परेशान किसानों का शनिवार को गुस्सा फूट पड़ा। धान की फसल को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से नाराज करीब 10 गांवों के किसानों ने अजीतवाल पावर ग्रिड के सामने लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे जाम कर दिया। किसानों ने करीब चार घंटे तक धरना देकर पंजाब सरकार और बिजली विभाग के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

किसानों का कहना है कि धान की फसल को इस समय पानी की सख्त जरूरत है, लेकिन गांवों में लगातार बिजली कटौती के कारण खेतों की सिंचाई प्रभावित हो रही है। बारिश भी कम होने के चलते किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

पिछले 20 दिनों से बिजली आपूर्ति प्रभावित

किसान नेताओं जगजीत सिंह और संदीप सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से किसानों को आठ घंटे बिजली उपलब्ध करवाने का दावा किया जा रहा है, लेकिन जमीनी स्तर पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। गांवों में चार-चार घंटे की बिजली कटौती हो रही है।

किसानों ने दावा किया कि पिछले करीब 20 दिनों से बिजली आपूर्ति को लेकर उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि धान के खेतों में सिंचाई के लिए बिजली बेहद जरूरी है। वहीं, कई गांवों में नहरी पानी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण किसान बिजली पर ही निर्भर हैं।

किसानों ने सरकार पर लगाए आरोप

प्रदर्शनकारी किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसान नेताओं ने कहा कि जब सरकार आठ घंटे बिजली देने का दावा कर रही है तो गांवों में निर्धारित आपूर्ति क्यों नहीं मिल रही। उन्होंने आरोप लगाया कि मजबूरी में किसानों को सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करना पड़ा है।

किसानों ने कहा कि यदि बिजली की समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और बड़ा किया जाएगा।

अधिकारी के आश्वासन पर खत्म हुआ धरना

किसानों के प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद बिजली बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने किसानों को आठ घंटे बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। साथ ही एक-दो दिन के भीतर बिजली आपूर्ति की समस्या को ठीक करने की बात कही गई।

अधिकारी के आश्वासन के बाद किसानों ने करीब चार घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया और लुधियाना-फिरोजपुर हाईवे पर यातायात बहाल हो गया।

हालांकि, किसान नेताओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि अगले एक-दो दिनों में बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ और किसानों को पर्याप्त बिजली नहीं मिली तो वे बड़े संघर्ष का ऐलान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *