ब्रेकिंग न्यूज़
PSEB Books Home Delivery: कक्षा 1 से 12 की किताबें अब भारतीय डाक से घर पहुंचेंगी

चंडीगढ़ / सत्ता संदेश

पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (PSEB), मोहाली ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूलों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब कक्षा I से XII तक की पाठ्य-पुस्तकें भारतीय डाक के जरिए घर-घर पहुंचाई जाएंगी। इसके लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड और डाक विभाग, पंजाब परिमंडल, चंडीगढ़ के बीच 1 सितंबर 2026 को समझौता हुआ।

इस सुविधा के तहत विद्यार्थी, अभिभावक और स्कूल Pustak Portal के माध्यम से कक्षा 1 से 12 तक की पाठ्य-पुस्तकों को ऑनलाइन खरीद सकेंगे। ऑनलाइन ऑर्डर करने के बाद भारतीय डाक अपने व्यापक नेटवर्क के माध्यम से किताबों की घर तक डिलीवरी करेगा।

इससे पहले पुस्तक पोर्टल से किताबें खरीदने के बाद खरीदारों को उन्हें बोर्ड द्वारा निर्धारित जिला कार्यालयों से स्वयं जाकर लेना पड़ता था। नई व्यवस्था से यह प्रक्रिया और आसान हो जाएगी। विद्यार्थी और अभिभावक घर बैठे किताबों का ऑर्डर कर सकेंगे और 15 प्रतिशत की छूट का लाभ भी उठा सकेंगे।

ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों के विद्यार्थियों को सबसे ज्यादा फायदा

PSEB की यह पहल खास तौर पर पंजाब के ग्रामीण और दूरदराज इलाकों में रहने वाले विद्यार्थियों एवं स्कूलों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। अब पाठ्य-पुस्तकों के लिए जिला कार्यालयों तक जाने की जरूरत नहीं होगी। इससे विद्यार्थियों और अभिभावकों के समय और यात्रा खर्च दोनों की बचत होगी।

एक ही ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए आवश्यक पाठ्य-पुस्तकों का ऑर्डर किया जा सकेगा और भारतीय डाक के माध्यम से किताबें घर बैठे प्राप्त की जा सकेंगी।

समझौते के अवसर पर डॉ. अमरपाल सिंह, IAS (Retd.), अध्यक्ष, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, मोहाली, श्री सकतर सिंह बल, सचिव, पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड, कुमार संजीव, IPoS, प्रवर अधीक्षक डाकघर, चंडीगढ़ मंडल, श्री किशोरी लाल, प्रभारी, बीपीसी चंडीगढ़ सहित दोनों विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *