ब्रेकिंग न्यूज़
तलवंडी साबो : पावर प्लांट के 800 से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर, मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
  • तलवंडी साबो पावर प्लांट के 800 से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल पर, मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना शुरू
  • वेतन में 15% बढ़ोतरी के साथ भत्तों में कटौती का आरोप, कर्मचारियों ने 3 करोड़ रुपये के नुकसान का किया दावा

मानसा / सत्ता संदेश

रिपोर्ट : बिट्टू बुढलाडा

पंजाब के मानसा जिले में स्थित तलवंडी साबो पावर प्लांट में 800 से अधिक कर्मचारियों की हड़ताल का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। कर्मचारी पिछले करीब एक महीने से हड़ताल पर हैं और अब उन्होंने प्लांट के मुख्य गेट के बाहर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया है। कर्मचारियों के आंदोलन को किसान यूनियनों और विभिन्न सामाजिक संगठनों का भी समर्थन मिल रहा है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मजदूर दिवस के मौके पर मजदूरों की तनख्वाह में 15 प्रतिशत बढ़ोतरी करने के निर्देश दिए थे। कर्मचारियों के मुताबिक, कंपनी की ओर से वेतन में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी तो की गई, लेकिन इसके साथ ही विभिन्न भत्तों में करीब 15 प्रतिशत तक की कटौती कर दी गई।

कर्मचारियों का कहना है कि भत्तों में कटौती के कारण वेतन वृद्धि का वास्तविक लाभ उन्हें नहीं मिल पा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने दावा किया कि भत्तों में कटौती के चलते कर्मचारियों को सामूहिक रूप से करीब 3 करोड़ रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है।

कर्मचारियों ने मांग की है कि भत्तों में की गई कटौती को तुरंत वापस लिया जाए और सरकार के निर्देशों के मुताबिक उन्हें वेतन वृद्धि का पूरा लाभ दिया जाए। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं किया जाता, तब तक मुख्य गेट के बाहर धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।

धरने में किसान संगठनों और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों के पहुंचने से कर्मचारियों के आंदोलन को समर्थन मिल रहा है। कर्मचारियों ने प्रबंधन से बातचीत कर जल्द समाधान निकालने की मांग की है।

वहीं, इस पूरे मामले में कंपनी का पक्ष जानने की कोशिश की गई, लेकिन कंपनी प्रबंधन ने फिलहाल इस मुद्दे पर कोई प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *