चंडीगढ़: बिक्रम मजीठिया की AAP नेताओं को चेतावनी, बोले- छवि खराब करने पर करेंगे कानूनी कार्रवाई
चंडीगढ़ में SAD नेता बिक्रम मजीठिया ने AAP नेताओं को छवि खराब करने के आरोप में कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी। अमित शाह और अमन अरोड़ा को लेकर भी दिया बयान।
चंडीगढ़ / सत्ता संदेश
शिरोमणि अकाली दल (SAD) के नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं को चेतावनी देते हुए कहा है कि उनकी छवि खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ वह कानूनी कार्रवाई करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस मामले को कानूनी अंजाम तक पहुंचाएंगे।
मजीठिया ने आरोप लगाया कि AAP नेताओं की ओर से सोशल मीडिया पर की जा रही पोस्ट केवल उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके जरिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की छवि खराब करने की भी कोशिश की जा रही है।
SAD नेता ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी को आशंका है कि भविष्य में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन हो सकता है। हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि दोनों दलों के बीच गठबंधन को लेकर अभी कोई फैसला नहीं हुआ है।
मजीठिया ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा को भी चेतावनी देते हुए कहा कि उन्हें अपने बयानों में तार्किक और तथ्यात्मक बात करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि उनके खिलाफ गलत या छवि खराब करने वाले बयान दिए गए तो वह अमन अरोड़ा के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेंगे।

