फगवाड़ा में ‘आप’ नेता दलजीत राजू को फिर मिली जान से मारने की धमकी, यूके के नंबर से आए खौफनाक मैसेज
पंजाब डेस्क: पंजाब के फगवाड़ा (कपूरथला जिला) में आम आदमी पार्टी के एक वरिष्ठ नेता एक बार फिर गैंगस्टरों के निशाने पर आ गए हैं। आप के बीसी विंग के दोआबा प्रभारी दलजीत राजू को अंतरराष्ट्रीय नंबर (यूके कोड) से व्हाट्सएप के जरिए लगातार जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं।
धमकी भरे मैसेज की खौफनाक भाषा: भेजे गए संदेशों में बेहद डरावनी भाषा का इस्तेमाल किया गया है। एक मैसेज में लिखा गया है, “कफन तैयार है, अब तेरे घर में से किसी का भी… अब तू फोन इग्नोर कर रहा है, जल्दी ही गिफ्ट कार्ड भेजूंगा।” धमकी देने वाले ने यह भी दावा किया है कि वह दलजीत राजू के परिवार के सभी सदस्यों के बारे में जानता है और जल्द ही उन्हें नुकसान पहुंचाएगा।
पहले भी हो चुका है हमला: यह पहली बार नहीं है जब दलजीत राजू को निशाना बनाया गया है। इससे पहले 27 नवंबर 2025 की रात को दो अज्ञात बदमाशों ने उनके घर के बाहर 23 राउंड फायरिंग की थी। उस समय हमलावरों ने एक पत्र भी छोड़ा था, जिसमें ‘काला राणा गैंग’ का नाम लिखा था और 5 करोड़ रुपये की फिरौती की मांग की गई थी।
पुलिस की कार्रवाई: ताजा धमकियों के बाद एसपी स्तर के अधिकारियों सहित भारी पुलिस बल दलजीत राजू के घर पहुंचा और जांच शुरू कर दी है। पुलिस उन अंतरराष्ट्रीय नंबरों को ट्रेस करने की कोशिश कर रही है जिनसे ये मैसेज आए हैं। हालांकि, तीन महीने पहले हुई फायरिंग की घटना अभी तक सुलझ नहीं पाई है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

