ब्रेकिंग न्यूज़
LPG सिलेंडर की कीमतों में भारी उछाल: रसोई गैस ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर ₹115 हुआ महंगा

बिजनेस डेस्क: तेल कंपनियों ने 7 मार्च 2026 को आम आदमी की जेब पर बोझ बढ़ाते हुए रसोई गैस और कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में अचानक वृद्धि कर दी है। घरेलू रसोई गैस सिलेंडर (14.2 किलो) के दाम में 60 रुपये की बढ़ोत्तरी की गई है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर (19 किलो) अब 115 रुपये महंगा हो गया है। ये नई दरें तत्काल प्रभाव से लागू हो गई हैं।

प्रमुख शहरों में अब क्या हैं दाम?

दिल्ली: घरेलू सिलेंडर की कीमत 853 रुपये से बढ़कर अब 913 रुपये हो गई है। वहीं, कमर्शियल सिलेंडर 1883 रुपये का मिलेगा।

कोलकाता: घरेलू सिलेंडर अब 939 रुपये (पहले 879) और कमर्शियल सिलेंडर 1990 रुपये का हो गया है।चेन्नई: घरेलू सिलेंडर की नई कीमत 928.50 रुपये और कमर्शियल की 2043.50 रुपये है।

मुंबई: यहाँ कमर्शियल सिलेंडर की कीमत अब 1835 रुपये हो गई है।

अचानक कीमतें बढ़ने की वजह: विशेषज्ञों के अनुसार, यह बढ़ोत्तरी मिडिल ईस्ट में जारी भारी तनाव और युद्ध के कारण हुई है। भारत अपनी गैस सप्लाई का 80 से 90 प्रतिशत हिस्सा होर्मुज जलडमरू मार्ग (Hormuz Strait) से लाता है, जो वर्तमान में बंद है। सरकार का यह कदम रिजर्व बनाए रखने और सप्लाई सुनिश्चित करने के एहतियात के तौर पर देखा जा रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारत के पास फिलहाल केवल 12 दिनों का गैस रिजर्व बचा है।

आगे और बढ़ सकते हैं दाम : कतर के ऊर्जा मंत्री साअद अल-काबी ने चेतावनी दी है कि यदि युद्ध लंबा खिंचता है, तो कच्चा तेल 150 डॉलर प्रति बैरल तक पहुँच सकता है। ऐसी स्थिति में गैस सप्लाई और अधिक बाधित हो सकती है, जिससे आने वाले समय में कीमतों में और भी इजाफा होने की प्रबल संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *