AAP को बड़ा झटका: जसविंदर सिद्धू का सभी पदों से इस्तीफा; कर्मचारियों पर लाठीचार्ज और अधूरे वादों से नाराजगी
पंजाब डेस्क : पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) को उस समय एक बड़ा झटका लगा, जब गाडा पंजाब के डायरेक्टर और बाघापुराना विधानसभा हलका के कोऑर्डिनेटर जसविंदर सिंह सिद्धू ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने यह फैसला चंडीगढ़ में बजट सत्र के दौरान अपने हकों के लिए प्रदर्शन कर रहे मुलाजिमों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के विरोध में लिया है।
इस्तीफे के मुख्य कारण:पुलिसिया कार्रवाई का विरोध: एलिमिनेटरी अध्यापक यूनियन के पूर्व प्रधान रहे सिद्धू ने पुलिस द्वारा कर्मचारियों पर किए गए जुल्म को ‘बेहद निंदनीय’ बताया और कहा कि वे ऐसी स्थिति में पार्टी के पद पर बने रहना उचित नहीं समझते।
अधूरे चुनावी वादे: उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनावों से पहले पार्टी ने पुरानी पेंशन स्कीम (OPS) बहाल करने जैसे कई बड़े वादे किए थे, जिन्हें सरकार बनने के बाद भुला दिया गया है।
सरकार पर झूठ का आरोप: सिद्धू ने सरकार की बयानबाजी को ‘खोखला’ करार दिया और कहा कि वे सरकार के झूठ के लिए उसकी वाहवाही नहीं कर सकते।
हालांकि जसविंदर सिद्धू ने पार्टी की सभी गतिविधियों से खुद को अलग कर लिया है, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया है कि मुलाजिमों के हकों के लिए चल रहे संघर्ष में उनका समर्थन पहले की तरह जारी रहेगा। उनके इस कदम से बाघापुराना की सियासत में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

