हॉकी वर्ल्ड कप 2026: भारत-पाकिस्तान महामुकाबले की तारीख तय, जारी हुआ पूरा शेड्यूल
स्पोर्ट्स डेस्क: एफआईएच (FIH) ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के शेड्यूल का आधिकारिक तौर पर ऐलान कर दिया है। यह प्रतिष्ठित टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त 2026 तक बेल्जियम और नीदरलैंड्स की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। इस बार खास बात यह है कि पुरुष और महिला दोनों वर्ल्ड कप एक साथ आयोजित किए जा रहे हैं, जिसमें कुल 16-16 टीमें हिस्सा लेंगी।
भारतीय पुरुष टीम का शेड्यूल और पाक से टक्कर: भारतीय पुरुष टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 17 अगस्त को इंग्लैंड से मुकाबला होगा। प्रशंसकों के लिए सबसे रोमांचक खबर यह है कि 19 अगस्त को भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। 2024 एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के बाद यह इन दोनों चिर-प्रतिद्वंद्वी टीमों के बीच पहला मुकाबला होगा।
भारतीय महिला टीम का कार्यक्रम: भारतीय महिला टीम को पूल डी में चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका के साथ रखा गया है। महिला टीम अपना पहला मैच 16 अगस्त को चीन के खिलाफ खेलेगी। इसके बाद 18 अगस्त को दक्षिण अफ्रीका और 20 अगस्त को इंग्लैंड से उनकी भिड़ंत होगी।
मैदान और स्थान: भारतीय टीमें (पुरुष और महिला) अपने सभी ग्रुप स्टेज मैच नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वागेनर स्टेडियम में खेलेंगी। अन्य मुकाबले बेल्जियम के वावरे में बने नए बेल्फियस हॉकी एरिना में आयोजित होंगे।

